Latest news

‘फेक माल’ पर व्यापार विहार का सर्जिकल स्ट्राइक, पकड़े गए तो मंडी से बाहर, ट्रांसपोर्टर भी तोड़ेंगे नाता

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

इनो-सर्फ-एवरेस्ट जैसे नकली उत्पाद मिलने के बाद थोक कारोबारियों में हलचल; मर्चेंट एसोसिएशन ने बनाई कड़ी कार्रवाई की रणनीति


बिलासपुर। व्यापार विहार थोक मंडी में हाल के दिनों में नकली इनो, एवरेस्ट मसाला और सर्फ जैसे ब्रांडेड उत्पादों की खेप पकड़े जाने के बाद अब कारोबारी संगठन खुलकर एक्शन मोड में आ गया है। मंडी की साख पर उठते सवालों और प्रदेशभर में बन रही नकारात्मक छवि के बीच बिलासपुर मर्चेंट एसोसिएशन ने साफ कर दिया है कि नकली सामान बेचने वालों के लिए अब व्यापार विहार में जगह नहीं बचेगी।
मर्चेंट एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में यह फैसला लिया गया कि यदि कोई व्यापारी नकली सामान बेचते हुए पकड़ा जाता है तो उसकी सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त या निलंबित कर दी जाएगी। कार्रवाई केवल संगठन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ऐसे कारोबारियों की सप्लाई और परिवहन व्यवस्था पर भी असर डाला जाएगा। एसोसिएशन ट्रांसपोर्टरों से भी अपील करेगा कि दोषी व्यापारियों का माल लोड न किया जाए, ताकि मंडी से बाहर सप्लाई पूरी तरह रुक सके।


करोड़ों के कारोबार वाली मंडी पर ‘4-5 कारोबारियों’ की वजह से दाग
मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष नानकराम खटूजा ने बैठक में कहा कि व्यापार विहार प्रदेश की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित थोक मंडियों में गिनी जाती है, जहां प्रतिदिन करोड़ों रुपए का कारोबार होता है। यहां अधिकांश व्यापारी अधिकृत कंपनियों से सीधे माल मंगाकर व्यवसाय करते हैं, लेकिन कुछ चुनिंदा व्यापारियों की वजह से पूरी मंडी की छवि प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि नकली सामान के मामलों ने पूरे व्यापारी समुदाय को असहज स्थिति में ला दिया है। यही वजह है कि अब संगठन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश देने का निर्णय लिया है कि फर्जी और डुप्लीकेट उत्पादों का कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंगलवार को होगी विशेष बैठक, व्यापारियों को दी जाएगी अंतिम चेतावनी
व्यापार विहार में करीब 380 से 450 व्यापारी सदस्य सक्रिय हैं। इनमें तेल, अनाज, आलू-प्याज, मनिहारी और अन्य थोक कारोबार से जुड़े व्यापारी शामिल हैं। नकली उत्पादों के लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद मंगलवार को विशेष बैठक बुलाई गई है।
बैठक में व्यापारियों को स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी जाएगी कि नकली माल की बिक्री तत्काल बंद करें। संगठन यह भी साफ करेगा कि भविष्य में पकड़े जाने पर सीधे संगठनात्मक कार्रवाई होगी और दोषी व्यापारियों को एसोसिएशन से बाहर कर दिया जाएगा।
‘दुकान में नहीं बनता नकली माल, सप्लाई चेन तक पहुंचे प्रशासन’
बैठक में एसोसिएशन ने प्रशासन का ध्यान नकली सामान की सप्लाई चेन की ओर भी खींचा। अध्यक्ष नानकराम खटूजा ने कहा कि व्यापारी दुकान में बैठकर नकली सर्फ, इनो या मसाले तैयार नहीं करता, बल्कि यह माल कहीं न कहीं से तैयार होकर मंडी तक पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल दुकानों तक सीमित रहने के बजाय उस फैक्ट्री, गोदाम या मुख्य सप्लायर तक पहुंचनी चाहिए जहां से नकली माल तैयार होकर बाजार में आ रहा है। संगठन का मानना है कि यदि मूल स्रोत पर कार्रवाई होगी तो मंडी तक नकली सामान की एंट्री स्वतः रुक जाएगी।
सैंपल जांच में सहयोग का दावा
एसोसिएशन ने यह भी कहा कि जब भी प्रशासनिक टीम जांच या सैंपल लेने पहुंचती है, व्यापारी पूरा सहयोग करते हैं। व्यापारियों का उद्देश्य साफ और पारदर्शी कारोबार बनाए रखना है, ताकि व्यापार विहार की विश्वसनीयता और प्रदेशभर में उसकी पहचान प्रभावित न हो।
कार्यकारिणी बैठक में सुनिल सॉथलिया समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।