Latest news

पंजाब से बिलासपुर तक ‘हेरोइन नेटवर्क’ का खुलासा: रेलवे स्टेशन के पास कार में हो रही थी डील, 5 तस्कर दबोचे

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

अमृतसर से लाई गई 97 ग्राम हेरोइन, मुंगेली के खरीददारों से होने वाली थी सप्लाई; पुलिस ने कार, स्कूटी, मोबाइल और नकदी भी जब्त की

बिलासपुर, छत्तीसगढ़।
बिलासपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय नशीले पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से छत्तीसगढ़ लाई जा रही हेरोइन की खेप पकड़ी है। तोरवा थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर पुलिस ने 97.63 ग्राम हेरोइन के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो तस्कर पंजाब के अमृतसर निवासी हैं, जबकि तीन खरीददार मुंगेली जिले के बताए गए हैं। कार्रवाई में पुलिस ने एक अल्टो कार, स्कूटी, पांच मोबाइल फोन और 57 हजार 800 रुपए नकद भी जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 5 लाख 38 हजार रुपए आंकी गई है।
रेलवे स्टेशन के पास ग्राहक का इंतजार, तभी पहुंच गई पुलिस
मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास खड़ी एक अल्टो कार क्रमांक CG 22 AB 5247 में सवार कुछ लोग हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही निरीक्षक नीलेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घेराबंदी कर कार की जांच की गई तो उसमें पांच लोग मौजूद मिले। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गोलमोल जवाब दिए। इसके बाद कार में रखे बैग की तलाशी ली गई, जिसमें एक बोतल के अंदर प्रतिबंधित नशीला पदार्थ हेरोइन बरामद हुआ। आरोपियों के पास इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
अमृतसर से बिलासपुर लाई गई थी खेप
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह निवासी अमृतसर, पंजाब बताया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हेरोइन को बिक्री के लिए बिलासपुर लेकर आए थे। वहीं मौके पर मौजूद शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक निवासी मुंगेली को खरीददार बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में —
जितेंद्र सिंह रंधावा, निवासी हदैतपुर भिलोवाल, थाना कत्थुनगर, अमृतसर (पंजाब)
जगदीप सिंह, निवासी सुल्तानपिंड, थाना पट्टीलोन, अमृतसर (पंजाब)
शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, निवासी दीनदयाल उपाध्याय नगर दाउपारा, मुंगेली
अमित कुमार डाहिरे, निवासी कोलिहाडीह, मुंगेली
अवि पाठक, निवासी मुंगेली
शामिल हैं।
कार, स्कूटी और नकदी भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से —
97.63 ग्राम हेरोइन
घटना में प्रयुक्त अल्टो कार
एक स्कूटी
पांच एंड्रॉयड मोबाइल
57,800 रुपए नकद
जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत कार्रवाई की गई है।
लंबे समय से मिल रही थी सप्लाई की सूचना
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बाहरी राज्यों से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हेरोइन सप्लाई किए जाने की लगातार सूचना मिल रही थी। इसके बाद बिलासपुर पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी बढ़ाई थी। इसी निगरानी के दौरान यह कार्रवाई सामने आई।
कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश पांडेय, उपनिरीक्षक कमलनारायण शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक देवेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, आरक्षक अजय शर्मा, सत्येंद्र सिंह, संदीप शर्मा, मुपेंद्र सिंह, अखिलेश राय और विवेक राय की भूमिका रही।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।