


बिलासपुर। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने मंगलवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए सीपत, मस्तूरी, पचपेड़ी, चकरभाठा और कोटा क्षेत्र में दबिश देकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान करीब 86 लीटर महुआ शराब और भारी मात्रा में महुआ लहान जब्त किया गया। सभी आरोपियों को आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध महुआ शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। विभागीय टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त और मुखबिर सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।
सीपत क्षेत्र में प्रभारी तेलेस्फोर एक्का की टीम ने ग्राम बाम्हू में दबिश देकर आरोपी संजू निर्मलकर के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब बरामद की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल दाखिल किया गया।
वहीं वृत्त मस्तूरी प्रभारी सुश्री ऐश्वर्या मिंज की टीम ने तीन अलग-अलग कार्रवाई करते हुए ग्राम कोकड़ी थाना पचपेड़ी से मोहित धनवार (25) के कब्जे से 9.5 लीटर महुआ शराब जब्त की। इसके अलावा ग्राम देवगांव में विशाल खांडेकर (24) से 10 लीटर महुआ शराब और संतोषी खांडेकर (32) से 8.5 लीटर महुआ शराब के साथ 15 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर जेल भेजा गया।
इसी क्रम में वृत्त बिल्हा प्रभारी छबि पटेल द्वारा चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में कार्रवाई करते हुए सुरेश कुर्रे के कब्जे से 18 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग ने बताया कि एक दिन पहले ही आबकारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शुक्ला की टीम ने ग्राम गनियारी थाना कोटा में दिलेश्वरी वर्मा के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब जब्त कर आरोपी को जेल भेजा था। लगातार हो रही कार्रवाई से स्पष्ट है कि विभाग अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अब सख्त अभियान मोड में काम कर रहा है।
सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। विभाग ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ गश्त, पतासाजी और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

