Latest news

मां के सम्मान में भावुक हुआ बिलासपुर,‘मां तुझे सलाम’ कार्यक्रम में 70 माताओं का सम्मान, गीत-संगीत से गूंजा सभागार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर। मातृत्व दिवस के अवसर पर इंदिरा प्रियदर्शनीय सेवा समिति बिलासपुर द्वारा आयोजित “मां तुझे सलाम” कार्यक्रम भावनाओं, सम्मान और संस्कारों का अनूठा संगम बन गया। गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच मातृत्व शक्ति को नमन करते हुए करीब 70 माता-बहनों का साड़ी एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने मां के त्याग, संस्कार और जीवन निर्माण में उसकी भूमिका को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताया।


कार्यक्रम के दौरान पूरा माहौल मां के प्रति श्रद्धा और सम्मान से सराबोर नजर आया। मंच से प्रस्तुत किए गए गीतों और संबोधनों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य रविंद्र सिंह ने कहा कि “मां शब्द को परिभाषित नहीं किया जा सकता। मां जननी है, पालनकर्ता है। मां ही प्रथम गुरु और साक्षात देवी है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही जीवन का सही लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।”
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक शैलेष पांडेय मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रविंद्र सिंह ठाकुर ने की। विशिष्ट अतिथियों में समाजसेवी शिवा मुदलियार, रंजीत खनूजा, डॉ. तरुण तिवारी, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गवई, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष पिंकी बत्ररा, प्रदेश महिला कांग्रेस सचिव श्रीमती हमीदा और श्रीमती मार्गेट बेंजामिन सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मातृत्व दिवस की महत्ता पर अपने विचार रखते हुए मां को समाज और संस्कृति की आधारशिला बताया।
समिति के संरक्षक विजय दुबे और डायरेक्टर दीपक मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में समिति के सदस्य राजेंद्र सोनी, नवीन चंद, आदर्श विश्वकर्मा, आकाश दुबे समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही। वहीं आकांक्षा म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।