Latest news

जनगणना ड्यूटी में शिक्षक से मारपीट पर बवाल,बिल्हा की घटना पर शिक्षक संघ सख्त, कार्रवाई की मांग

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read


बिलासपुर।
विकासखंड बिल्हा में जनगणना कार्य के दौरान शिक्षक के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार की घटना को लेकर शिक्षक संगठनों में आक्रोश है। सुनील कुमार पाण्डेय, जिला अध्यक्ष, समग्र शिक्षक फेडरेशन, बिलासपुर ने घटना को निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज इस तरह की घटनाओं को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं कर सकता। उनके अनुसार शिक्षक राष्ट्र निर्माण का आधार स्तंभ हैं और जनगणना, निर्वाचन सहित विभिन्न शासकीय कार्यों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से निभाते हैं। ऐसे में ड्यूटी के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार न केवल उनकी गरिमा पर आघात है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।
प्रशासन और पुलिस से की गई मांगें
जिला अध्यक्ष ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग करते हुए कहा कि—
दोषियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।
पीड़ित शिक्षक को सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाए।
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए।
शिक्षकों से एकजुट रहने की अपील
सुनील कुमार पाण्डेय ने जिले के सभी शिक्षक साथियों से अपील की है कि वे अपने सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहें और सजगता बनाए रखें।
घटना के बाद शिक्षक समुदाय में नाराजगी देखी जा रही है और मामले को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।