मतदाता सूची से 180 नाम गायब
बिलासपुर |
बिलासपुर नगर निगम के तारबहार स्थित वार्ड क्रमांक 29 (संजय गांधी नगर) में उपचुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। अंतिम प्रकाशन के बाद सामने आया कि करीब 180 लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब हैं, जिसके बाद सियासी माहौल गरमा गया है।
कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का सीधा हनन बताते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी का कहना है कि सूची से नाम हटाना चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश हो सकती है। पार्टी नेताओं ने इस मामले में जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपते हुए तत्काल सुधार की मांग की है।
पूर्व पार्षद के परिवार का नाम भी गायब
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब यह सामने आया कि पूर्व पार्षद शेख असलम के बेटे का नाम भी मतदाता सूची में नहीं है। इससे स्थानीय स्तर पर नाराजगी और बढ़ गई है और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस ने साफ किया है कि यदि हटाए गए सभी नामों को जल्द बहाल नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। पार्टी का आरोप है कि उपचुनाव से पहले इस तरह की गड़बड़ी लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है।
प्रशासन पर टिकी नजर
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह महज प्रशासनिक चूक है या चुनावी रणनीति का हिस्सा? फिलहाल पूरे मामले में जिला प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।



