Latest news

चरित्र शंका में खून, पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी का सिर फाड़ा, वारदात के बाद खुद पहुंचा थाने

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम रिस्दा में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। 65 वर्षीय पति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी (टांगी) से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के तुरंत बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
चरित्र शंका बनी कत्ल की वजह
पुलिस के अनुसार, ग्राम रिस्दा निवासी जीवनलाल नौरंगे (65) को अपनी पत्नी सरस्वती नौरंगे (60) के चरित्र पर लंबे समय से संदेह था। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल अगस्त में उनकी बेटी की सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जिसके बाद से दंपति के बीच लगातार तनाव बना हुआ था। पत्नी कुछ समय से घर से बाहर रह रही थी और हाल ही में वापस लौटी थी।
दोपहर 2 बजे भड़का विवाद, कुल्हाड़ी से किया हमला
मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच फिर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस हिंसक हो गई और गुस्से में आकर जीवनलाल ने घर में रखी लोहे की कुल्हाड़ी उठाकर सरस्वती के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी
वारदात के बाद आरोपी सीधे मस्तूरी थाना पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी जेल भेजा गया
मामले में थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 241/2026 धारा 103(1) BNS के तहत केस दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रश्मित कौर चावला के नेतृत्व में डीएसपी लालचंद मोहले ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एफएसएल टीम के साथ साक्ष्य जुटाए गए और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह वर्षों से पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी कारण हत्या की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गांव में पसरा सन्नाटा
घटना के बाद पूरे रिस्दा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। एक ही परिवार में हुए इस खौफनाक हत्याकांड से ग्रामीण दहशत में हैं।
आरोपी
नाम: जीवनलाल नौरंगे
पिता: किशनलाल नौरंगे
उम्र: 65 वर्ष
निवासी: ग्राम रिस्दा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।