बिलासपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बिलासपुर जिले की बोदरी नगर पालिका में विकास की रफ्तार तेज कर दी है। राज्य सरकार ने यहां 8 अलग-अलग कार्यों के लिए ₹1 करोड़ 99 लाख से अधिक की राशि मंजूर की है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद संचालनालय से स्वीकृति आदेश जारी कर दिए गए हैं।
सरकार के इस फैसले के बाद बोदरी क्षेत्र में सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का रास्ता साफ हो गया है। मंत्री साव ने साफ निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
सड़कों पर फोकस… कई वार्डों में बीटी और सीसी रोड को मंजूरी
विभाग ने बोदरी के अलग-अलग वार्डों में सड़क निर्माण और उन्नयन के लिए बड़ी राशि स्वीकृत की है।
वार्ड 7 में दो बीटी कोटिंग सड़क – ₹42.20 लाख
वार्ड 15 में बीटी सड़क – ₹13.13 लाख
वार्ड 11, 12, 13, 14 में झूलेलाल मंदिर से दुर्गा मंदिर तक सड़क – ₹41.61 लाख
वार्ड 14 में आत्मानंद स्कूल से काली मंदिर होते हुए मेन रोड तक – ₹16.73 लाख
इसके अलावा सीसी रोड निर्माण के लिए भी अलग से बजट दिया गया है:
वार्ड 6 में रहंगी रोड से मुक्तिधाम – ₹31.08 लाख
वार्ड 10 में प्राथमिक शाला दड़हा से मेन रोड – ₹12.83 लाख
नाली निर्माण भी… जल निकासी की समस्या होगी दूर
शहर में जलभराव और निकासी की समस्या को देखते हुए विभाग ने पीपल चौक से बिजली ऑफिस रहंगी मोड़ तक आरसीसी नाली निर्माण के लिए ₹41.50 लाख मंजूर किए हैं।
इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या में राहत मिलने की उम्मीद है।
निर्देश साफ— ‘गुणवत्ता से समझौता नहीं, समय पर काम पूरा हो’
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि रहे और किसी भी स्थिति में समयसीमा का उल्लंघन न हो।


विजय वर्मा बोले— ‘लगातार प्रयास का मिला परिणाम’
बोदरी नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय वर्मा ने बताया कि इन विकास कार्यों के लिए राज्य शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे और यह स्वीकृति उसी का परिणाम है। आने वाले समय में और भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी, ताकि बोदरी नगर पालिका को सुविधाओं के मामले में बेहतर बनाया जा सके।
बोदरी में बुनियादी ढांचे को मिलेगी रफ्तार
करीब 2 करोड़ रुपए के इन विकास कार्यों से बोदरी में सड़क, नाली और कनेक्टिविटी की स्थिति में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। इससे न सिर्फ आवागमन आसान होगा, बल्कि नागरिकों को रोजमर्रा की समस्याओं से भी राहत मिलेगी।



