Latest news

पेंडरवा हिंसा के बाद फिर भड़की पेंडारी में पड़ोस की रंजिश,बिलासपुर के पेण्डारी में धारदार हथियारों से प्राणघातक हमला, 5 आरोपी गिरफ्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर।
रतनपुर पेंडरवा क्षेत्र में हालिया हिंसक घटनाओं के बाद बिलासपुर जिले में एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। सकरी थाना क्षेत्र के पेण्डारी गांव में मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जहां पड़ोसियों ने एकजुट होकर धारदार हथियार और लाठी से लैस होकर एक ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसका इलाज सिम्स में जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


मामूली कहासुनी से शुरू हुआ खूनी संघर्ष
घटना 6 अप्रैल 2026 की रात करीब 7:30 बजे की है। प्रार्थी राजा बघेल, निवासी आवास पारा पेण्डारी, अपने परिवार के साथ घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद अचानक बढ़ गया और आरोपियों ने एकजुट होकर हमला बोल दिया।
धारदार हथियार और लाठी से किया हमला, जान से मारने की धमकी
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी धारदार हथियार और लाठी से लैस थे। उन्होंने प्रार्थी और उसके परिवारजनों पर ताबड़तोड़ हमला किया। बीच-बचाव करने आए लोगों को भी नहीं बख्शा गया। हमले के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
महिला गंभीर रूप से घायल, सिम्स में उपचार जारी
इस हिंसक हमले में उषा बघेल को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल, बिलासपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य परिजनों को भी चोटें आई हैं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सभी आरोपी गिरफ्तार
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सकरी में अपराध क्रमांक 297/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
ये हैं आरोपी
अर्जुन कुमार बघेल (42 वर्ष)
लक्ष्मण बघेल (48 वर्ष)
दिलीप बघेल (48 वर्ष)
सुमित्रा बघेल (40 वर्ष)
एक विधि से संघर्षरत बालक
सभी आरोपी पेण्डारी, थाना सकरी के निवासी हैं।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), 191(2) और 191(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। विवेचना के दौरान अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी, जांच जारी
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाएं
रतनपुर–पंधरावा क्षेत्र में हाल ही में हुई हिंसक घटनाओं के बाद इस तरह की वारदात ने एक बार फिर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद का इस तरह खूनी संघर्ष में बदलना कई अहम पहलुओं को सामने ला रहा है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।