“रायपुर ।
राजधानी रायपुर में स्कूली छात्रों के बीच हिंसा का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गणेश मंदिर के पास 9वीं कक्षा के छात्र ने 8वीं के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। वार्षिक परीक्षा खत्म होने के तुरंत बाद हुई इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल 8वीं कक्षा के छात्र का पहले अपने ही स्कूल के कुछ छात्रों से विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद उसे “देख लेने” की धमकी दी गई थी। सोमवार (06 अप्रैल 2026) को परीक्षा खत्म होने के बाद जब छात्र घर लौट रहा था, तभी गणेश मंदिर के पास पहले से घात लगाए बैठे दो नाबालिगों ने उसे रोक लिया।
सड़क पर बना ‘अटैक ज़ोन’
पुरानी रंजिश को लेकर पहले गाली-गलौज शुरू हुई, फिर मामला अचानक हिंसा में बदल गया। एक बालक ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जबकि दूसरे ने अपने पास रखे चाकू से सीधे पेट पर वार करने की कोशिश की। हालांकि, पीड़ित छात्र ने किसी तरह बचाव किया, लेकिन उसके पैर में गंभीर चोट आई।
वार के बाद फरार
हमले के बाद दोनों आरोपी नाबालिग मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और राहगीरों की मदद से घायल छात्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण में धारा 296, 115(2), 109(1), 351(2), 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया है और उन्हें जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
हर एंगल से जांच जारी
पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है—विवाद की असली वजह क्या थी, चाकू कहां से आया, और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं—इन सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है।



