Latest news

चीफ सेक्रेटरी की मीटिंग…. ‘सिम्स नया भवन’ फाइलों में कैद, बैठक दर बैठक मंथन… जमीन तैयार, सिस्टम अब भी खाली हाथ

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

00 टेंडर का है इंतजार
रायपुर, बिलासपुर27 मार्च 2026।
राजधानी स्थित मंत्रालय महानदी भवन में शुक्रवार को मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की 70वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में लोक निर्माण विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा और स्वीकृति दी गई, लेकिन प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी चिकित्सा संस्थानों में शामिल सिम्स बिलासपुर के नए भवन का मामला फिर केवल ‘चर्चा’ तक सीमित रह गया।
बैठक में बड़े फैसले, लेकिन सिम्स फिर पीछे
बैठक में रायगढ़ जिले के तमनार में 8.50 किलोमीटर लंबे बायपास मार्ग के निर्माण को स्वीकृति दी गई। इस परियोजना की अनुमानित लागत 152 करोड़ 49 लाख रुपए तय की गई।
इसी तरह जशपुर जिले के कुनकुरी में नए चिकित्सा महाविद्यालय के लिए 349 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी गई।
इन दोनों परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा के बाद तत्काल निर्णय लेते हुए उन्हें आगे बढ़ा दिया गया, जबकि सिम्स के नए भवन का मुद्दा एक बार फिर बिना ठोस प्रगति के आगे नहीं बढ़ सका।
सिम्स नया भवन: जमीन सुरक्षित, प्रक्रिया शून्य
बैठक में सिम्स बिलासपुर के नए भवन निर्माण प्रस्ताव पर विस्तार से मंथन किया गया।
बिलासपुर के कोनी क्षेत्र में 40 एकड़ से अधिक जमीन पहले से आरक्षित
प्रस्तावित लागत 1000 करोड़ रुपए से अधिक आंकी जा रही
वर्तमान बजट में परियोजना के लिए कोई वित्तीय प्रावधान नहीं
अब तक टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी
उच्च स्तर की बैठकों में लगातार चर्चा के बावजूद परियोजना कागजी प्रक्रिया से बाहर नहीं निकल पाई है।
बढ़ते दबाव के बीच पुराने ढांचे पर निर्भर सिम्स
प्रदेश के बड़े रेफरल अस्पतालों में शामिल सिम्स में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। सीमित संसाधनों और पुराने ढांचे के बीच चिकित्सा सेवाएं संचालित हो रही हैं।
नए भवन के लिए भूमि उपलब्ध होने और लागत का प्रारंभिक आकलन होने के बाद भी परियोजना की प्रशासनिक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है।
बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
बैठक में प्रमुख सचिव कृषि एवं किसान कल्याण व जैव प्रौद्योगिकी श्रीमती शहला निगार, सचिव लोक निर्माण डॉ. कमलप्रीत सिंह, सचिव ऊर्जा डॉ. रोहित यादव, विशेष सचिव वित्त एवं संचालक बजट श्री चंदन कुमार, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा श्री रितेश कुमार अग्रवाल सहित लोक निर्माण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, आवास एवं पर्यावरण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, योजना एवं सांख्यिकी तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
फाइलों में सीमित ‘मेगा हेल्थ प्रोजेक्ट’
परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की यह बैठक सिम्स के नए भवन को लेकर उच्च स्तर पर लगातार हो रही चर्चाओं की एक और कड़ी बनकर सामने आई, जहां प्रस्ताव पर विचार-विमर्श तो हुआ, लेकिन जमीनी स्तर पर किसी ठोस प्रक्रिया की शुरुआत नहीं हो सकी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।