
बिलासपुर,मस्तूरी/मल्हार। ग्राम ठाकुरदेवा में एक किराना दुकान की आड़ में चल रहे अवैध शराब कारोबार का खुलासा हुआ है। चावल-दाल जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं के साथ ही यहां देसी शराब बेची जा रही थी। बीट के सभ्य नागरिकों की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया और मौके से बड़ी मात्रा में शराब जब्त की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम ठाकुरदेवा निवासी विनोद मिरी उर्फ मजनू (42 वर्ष), पिता भागवत मिरी, अपने किराना दुकान में देसी शराब रखकर अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से बिक्री कर रहा है। इस सूचना की पुष्टि बीट क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिकों द्वारा भी की गई, जिसके आधार पर चौकी मल्हार पुलिस सक्रिय हुई।
उप निरीक्षक अवधेश सिंह के नेतृत्व में आरक्षक किसान राय एवं रमेश साहू की टीम ने ग्राम ठाकुरदेवा स्थित आरोपी के किराना दुकान पर रेड कार्रवाई की। दबिश के दौरान आरोपी दुकान में ही शराब बेचते पाया गया। तलाशी लेने पर मौके से 55 नग प्लेन देसी शराब बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब बिक्री से प्राप्त 150 रुपये की रकम भी जब्त की। आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में यह तथ्य सामने आया कि किराना दुकान में खाद्यान्न सामग्री के साथ ही अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही थी, जिससे स्थानीय स्तर पर नशे का नेटवर्क संचालित हो रहा था।

