बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। जिले के कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य और प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। बड़ी संख्या में मुर्गियों की मौत के बाद जांच में संक्रमण की पुष्टि होते ही प्रभावित क्षेत्र को तत्काल ‘क्वारंटाइन जोन’ घोषित कर दिया गया है। संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए वैज्ञानिक पद्धति से मुर्गियों का किलिंग (Culling) किया गया है।

रैपिड रिस्पांस टीम ने संभाला मोर्चा

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के निर्देशन में जिला रैपिड रिस्पांस टीम (DRRT) ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में दो पक्षियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पशुपालन विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए तत्काल नियंत्रण उपाय लागू किए गए।
पूरे क्षेत्र को किया गया आइसोलेट
संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कुक्कुट प्रक्षेत्र के अंदर रहने वाले सभी कर्मचारियों और निवासियों को आइसोलेट कर दिया गया है। प्रशासन ने आसपास के इलाके को पूरी तरह सील कर निगरानी बढ़ा दी है।
स्वास्थ्य विभाग की सख्त तैयारी
दवा वितरण: संक्रमण नियंत्रण में लगे सभी कर्मचारियों को सुरक्षात्मक दवाइयां दी गई हैं।
स्वास्थ्य शिविर: क्षेत्र में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर सघन सर्वे किया जाएगा।
ह्यूमन सैंपलिंग: परिसर में मौजूद लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे, ताकि इंसानों में संक्रमण की आशंका को समय रहते रोका जा सके।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. प्रमोद तिवारी, जिला प्रबंधक ई. श्याम मोहन दुबे और जिला महामारी विशेषज्ञ पंकज सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी प्रकार के फ्लू जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करने को कहा गया है।
खास बात:
कोनी कुक्कुट प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि
प्रभावित क्षेत्र ‘क्वारंटाइन जोन’ घोषित
मुर्गियों का वैज्ञानिक तरीके से किलिंग
मानव संक्रमण रोकने के लिए सैंपलिंग और सर्वे शुरू
यह पूरा मामला सामने आने के बाद जिले में पोल्ट्री और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने निगरानी और कड़ी कर दी है।

