बिलासपुर, 21 मार्च। शहर के अरपापार क्षेत्र के पुराने सरकंडा दैहानपारा से लगे नए बसे मेघदूत नगर में शनिवार दोपहर कचरे के ढेर में लगी आग ने दो कारों को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा सुभाष चौक और नूतन कॉलोनी रोड पर स्थित मौसाजी होंडा शोरूम के पीछे दैहानपारा के पास विकसित मेघदूत नगर कॉलोनी के सामने मैदान में डंप कचरे के ढेर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास में खड़ी दो कारों को अपनी चपेट में ले लिया।






सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कॉलोनी की गली संकरी होने के कारण वाहन अंदर तक नहीं पहुंच सका। इसके चलते फायर ब्रिगेड को मुख्य मार्ग पर वाहन खड़ा कर पाइप के जरिए पानी डालकर आग बुझानी पड़ी। तब तक दोनों कारें पूरी तरह जल चुकी थीं।
बताया जा रहा है कि जली हुई कारें कॉलोनी में रहने वाले पत्रकार विनोद सिंह ठाकुर और उनके पड़ोसी योगेश कौशिक की हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर कचरा डंप किया गया था, वहीं आग लगने से यह घटना हुई। क्षेत्र में कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में जमीन के अंदर से एक जीवित व्यक्ति के निकलने की घटना भी सामने आ चुकी है, जिसके बाद शहर की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई थी।
इस घटना के बाद एक बार फिर सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और मॉनिटरिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

