केस-1: कोरबा में मौत बनकर दौड़ा ट्रक, बाइक सवार तीन युवकों को कुचलते हुए पलटा
कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे शव उसके नीचे दब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक तेज गति में था और अचानक नियंत्रण खो बैठा। सड़क किनारे जा रहे बाइक सवार युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और ट्रक उन्हें रौंदते हुए पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हाइड्रा से निकाले गए शव
ट्रक के नीचे दबे शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मौजूदगी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
मृतकों की पहचान
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान
बृजपाल सिंह कंवर (23)
मंगल सिंह (25)
ओम प्रकाश
के रूप में हुई है। तीनों पोटापानी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
ड्राइवर फरार, बाद में गिरफ्तार
हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
मुआवजे की घोषणा के बाद थमा आक्रोश
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह 10 बजे से चक्काजाम कर दिया। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को 1.25-1.25 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया।


केस-2: रतनपुर में स्कूल जाते मासूम को बस ने कुचला, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ, जब बच्चा साइकिल से स्कूल जा रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, साधीपारा वार्ड क्रमांक 7 निवासी जयवंत पटेल (12), पिता राम किशोर पटेल, रतनपुर स्थित भेड़िमुड़ा क्रमांक 2 स्कूल में कक्षा सातवीं का छात्र था। रोज की तरह वह साइकिल से स्कूल के लिए निकला था।
पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
जैसे ही वह साधीपारा पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पार कर रहा था, तभी रतनपुर से पाली की ओर जा रही विर्क सुपर बस क्रमांक CG12X 0440 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी।
बस खेत में जा घुसी, बच्चा गंभीर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। वहीं साइकिल सवार बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल बच्चे को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
क्षेत्र में शोक का माहौल
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मासूम की असमय मौत से परिवार सदमे में है, वहीं स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश भी देखा गया।

