Latest news

साथ बैठकर पी शराब, फिर गाली-गलौज पर टूट पड़े दोस्त: दो भाइयों ने पीट-पीटकर कर दी हत्या

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

सकरी क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात; वारदात के बाद फरार आरोपी ससुराल में छिपे थे, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने दोस्ती को खून में बदल दिया। साथ बैठकर शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में दो सगे भाइयों ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने बीट आरक्षकों की सूचना पर घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक मामले में अपराध क्रमांक 254/2026 के तहत धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस में केस दर्ज किया गया है।
शराब पार्टी के दौरान भड़का विवाद
सकरी पुलिस के अनुसार 14 मार्च 2026 को प्रार्थी कृष्णा कौशिक (23) निवासी संबलपुरी थाना सकरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े भाई सतीश कौशिक की अज्ञात लोगों ने मारपीट कर हत्या कर दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 22/2026 कायम कर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन राकेश कौशिक उर्फ छोटू (38) और उसका भाई गणेश कौशिक (36) मृतक सतीश कौशिक के साथ सकरी स्थित शराब भट्टी गए थे। वहां तीनों ने शराब पी और साथ में एक पाव देशी प्लेन, दो पाव देशी मसाला शराब, छह रोटी और दो पीस मछली लेकर संबलपुर स्थित खेत में पीपल के पेड़ के पास बैठकर शराब पीने लगे।
गाली-गलौज के बाद मारपीट, मौके पर मौत
शराब के नशे में सतीश कौशिक ने गणेश कौशिक और उसके परिवार को गाली देना शुरू कर दिया। आरोपियों ने मना किया, लेकिन विवाद बढ़ता गया। इसी दौरान दोनों भाइयों ने सतीश पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया और उसे पीपल के पेड़ के पास जमीन पर पटक दिया।
मारपीट के दौरान सतीश के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद फरार, ससुराल में छिपे थे आरोपी
हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से भागकर मरही माता क्षेत्र की ओर चले गए। बाद में वे अपने ससुराल मेण्ड्रा में छिपकर रहने लगे और बाहर भागने की फिराक में थे।
इसी बीच 16 मार्च को बीट आरक्षकों को सूचना मिली कि हत्या के दोनों संदिग्ध पांड गांव के आसपास छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मेण्ड्रा गांव से पकड़ लिया।
बीट आरक्षकों की मुस्तैदी से मिली सफलता
आरोपियों की गिरफ्तारी में बीट आरक्षक आशीष शर्मा, अफाक खान और अनुप नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने रात में घेराबंदी कर दोनों को दबोचा और पूछताछ में उन्होंने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी, उपनिरीक्षक गणेशराम महिलांगे, सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक रवि कुमार लहरे, चोलाराम पटेल सहित पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे।
आरोपी
राकेश कौशिक उर्फ छोटू (38) पिता भागीरथी कौशिक, निवासी संबलपुर, थाना सकरी
गणेश कौशिक (36) पिता भागीरथी कौशिक, निवासी संबलपुर, थाना सकरी
घटनाक्रम एक नजर में
14 मार्च: शराब पीने के दौरान विवाद
पीपल के पेड़ के नीचे मारपीट में सतीश कौशिक की मौत
आरोपी वारदात के बाद फरार
16 मार्च: पुलिस ने मेण्ड्रा से दोनों भाइयों को पकड़ा
हत्या का केस दर्ज, आरोपियों से पूछताछ जारी

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।