रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रश्नकाल में बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रहे संस्थानों का मामला जोरदार तरीके से उठा। बिलासपुर के विधायक सुशांत शुक्ला द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में सरकार ने स्वीकार किया कि नगर निगम क्षेत्र में बड़ी संख्या में संस्थान बिना नक्शा स्वीकृति के संचालित पाए गए हैं।
सदन में उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2022 से 31 जनवरी 2026 तक बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में कुल 177 संस्थान बिना नक्शा पास कराए संचालित पाए गए।
सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इन संस्थानों में कई महत्वपूर्ण श्रेणियां शामिल हैं। इनमें 33 व्यवसायिक संस्थान, 9 नर्सिंग होम, 12 हॉस्टल, 1 होटल तथा 22 निजी शिक्षण संस्थान भी शामिल हैं, जो बिना विधिवत भवन नक्शा स्वीकृति के संचालित पाए गए।
43 शिकायतें, जांच के लिए बनाई गई समिति
सरकार ने सदन में बताया कि इन अनियमितताओं से जुड़े मामलों में अब तक कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। शिकायतों की जांच के लिए जोन आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है।
इस समिति में भवन उप अभियंता और सहायक राजस्व निरीक्षक को सदस्य बनाया गया है। समिति द्वारा सभी मामलों की जांच की जा रही है और प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद सक्षम प्राधिकारी द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
4 साल में 6414 भवन निर्माण की अनुमति
सरकार ने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 2022 से 31 जनवरी 2026 तक बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में कुल 6414 भवन निर्माण की अनुमतियां जारी की गईं। इनमें
5531 आवासीय भवन
883 व्यावसायिक भवन
शामिल हैं।
7104 मामलों में डायवर्सन के आदेश
भू-उपयोग परिवर्तन यानी डायवर्सन के संबंध में सरकार ने बताया कि वर्ष 2022 से 31 जनवरी 2026 तक कुल 7104 मामलों में आदेश जारी किए गए। सरकार के अनुसार अधिकांश मामलों में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
एक मामले में भवन अनुज्ञा निरस्त, एफआईआर दर्ज
सदन में दी गई जानकारी के मुताबिक एक प्रकरण में समाचार पत्र में प्रकाशित जानकारी के आधार पर मामला सामने आया। इसमें विजय कुमार साहू द्वारा खसरा नंबर 559/22 की 3492.5 वर्गफुट भूमि के डायवर्सन से जुड़ा मामला सामने आया था।
जांच के बाद जारी भवन अनुज्ञा निरस्त कर दी गई और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नगर पालिक निगम बिलासपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

