Latest news

फिट इंडिया कार्निवल के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे केंद्रीय मंत्री तोखन साहू

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

नई दिल्ली, 7 मार्च 2026।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी फिट इंडिया मूवमेंट को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत द्वितीय फिट इंडिया कार्निवल का आयोजन 8 मार्च 2026 को प्रातः 9:00 बजे से जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

भारतीय खेल प्राधिकरण (Sports Authority of India) के उप महानिदेशक श्री मयंक श्रीवास्तव (IPS) ने औपचारिक पत्र के माध्यम से श्री तोखन साहू को इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। उन्होंने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री के फिट और स्वस्थ भारत के विजन को साकार करने के लिए फिट इंडिया मूवमेंट देशभर में लोगों को सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।

इस अवसर पर आयोजित फिट इंडिया कार्निवल में आमजन के लिए विभिन्न आकर्षक गतिविधियाँ और जोन बनाए जाएंगे। इनमें फिटनेस चैलेंज जोन, खेल एवं मनोरंजन जोन, योग एवं वेलनेस गतिविधियाँ, जुम्बा सेशन, इंटरएक्टिव गेम्स, फैमिली एंगेजमेंट स्पेस तथा फिटनेस, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली पर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन शामिल रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, म्यूजिकल बैंड परफॉर्मेंस और ऊर्जा से भरपूर फिटनेस शोकेस भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों और दर्शकों को एक यादगार और उत्साहपूर्ण अनुभव प्राप्त होगा। इसके साथ ही विभिन्न थीम आधारित जोन भी तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए भागीदारी और मनोरंजन की विशेष व्यवस्था रहेगी।

इस कार्निवल में पिंकाथॉन प्रतिभागी, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, राष्ट्रीय खेल महासंघ, विश्वविद्यालय, कॉलेज, युवा, स्कूली छात्र-छात्राएं, मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कई प्रमुख हस्तियां भी भाग लेंगी। यह आयोजन देश में स्वस्थ जीवन, सक्रिय जीवनशैली और शारीरिक फिटनेस के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।