Latest news

कांग्रेस भवन में अर्जुन सिंह और बी.आर. यादव की पुण्यतिथि मनाई गई, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर द्वारा शुक्रवार को इंदिरा कांग्रेस भवन में अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह और बिलासपुर के पूर्व विधायक बी.आर. यादव की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने उनके राजनीतिक जीवन और जनसेवा में दिए गए योगदान को स्मरण किया। इसके बाद कांग्रेसजन बृहस्पति बाजार स्थित पूर्व विधायक बी.आर. यादव की प्रतिमा स्थल पहुंचे, जहां माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ यादव समाज के लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि स्वर्गीय अर्जुन सिंह ने वर्ष 1960 में पंडित जवाहरलाल नेहरू के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। वे वर्ष 1980, 1985 और 1988 में अविभाजित मध्यप्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने कहा कि अर्जुन सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन में संगठन और जनता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय बी.आर. यादव बिलासपुर शहर के विकास को लेकर दूरदर्शी सोच रखने वाले जनप्रतिनिधि थे। उनके प्रयासों से एसईसीएल क्षेत्र, शनिचरी रपटा, ज्वालिपुल नाला विकास प्राधिकरण के माध्यम से शहर में कई कॉलोनियों का निर्माण कराया गया। शहर के विकास में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि स्वर्गीय अर्जुन सिंह ने अविभाजित मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में तीन बार जिम्मेदारी निभाई। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार में मानव संसाधन विकास मंत्री और वाणिज्य मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य किया। उन्होंने कहा कि राज्य और देश के विकास में उनके योगदान को कांग्रेसजन सदैव स्मरण करेंगे।
महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि स्वर्गीय बी.आर. यादव बिलासपुर से चार बार विधायक रहे और बिलासपुर कांग्रेस भवन के निर्माण में संयोजक की भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और संगठन के विस्तार में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
कार्यक्रम में संयोजक सैयद जफर अली, पूर्व शहर अध्यक्ष विजय पांडेय, पूर्व महापौर रामशरण यादव, प्रदेश प्रवक्ता अभयनारायण राय, राकेश शर्मा, विनोद साहू, हरीश तिवारी, सुभाष ठाकुर, जितेंद्र पांडेय, माधव उत्तलवार, दीपक रचेलवार, अजय यादव, अमित यादव, सीमा घृतेश, प्रियंका यादव, स्वर्णा शुक्ला, करम गोरख, गौरव एरी, डॉ. राहुल सिंह, विनोद शर्मा, राजेश शर्मा, अजहर हुसैन, राजू यादव, सूर्यमणि तिवारी, सुरेंद्र तिवारी, सत्येंद्र तिवारी, कमलेश लवरात्रे, सुमित यादव, राकेश यादव, त्रिभुवन कश्यप, सुरेश, नंदिनी कौशिक, शशिकांत दुबे सहित अन्य कांग्रेसजन और यादव समाज के लोग उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।