Latest news

बिलासपुर में UGC बिल के समर्थन में सामाजिक शक्ति का प्रदर्शन

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read


अंबेडकर चौक से उठी सामाजिक न्याय की बुलंद आवाज
UGC कानून के समर्थन में सर्व समाज की एकजुटता
UGC बिल पर बिलासपुर से मजबूत संदेश, संविधान की गरिमा के समर्थन में रैली
बिलासपुर
बिलासपुर में शुक्रवार को सामाजिक न्याय के समर्थन में बड़ी ताकत देखने को मिली। SC-ST-OBC-MIN महासंघ और छत्तीसगढ़िया सर्व समाज के संयुक्त तत्वावधान में अंबेडकर चौक में विशाल सभा और रैली आयोजित की गई। यह आयोजन University Grants Commission यानी UGC बिल के समर्थन में किया गया, जिसे संगठनों ने पिछड़े वर्गों के अधिकारों की सुरक्षा और संविधान की गरिमा को मजबूत करने वाला कदम बताया।


कार्यक्रम सुबह 11 बजे अंबेडकर चौक से शुरू हुआ। सभा में बड़ी संख्या में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभा के बाद रैली निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कलेक्टोरेट पहुंची। यहां प्रतिनिधिमंडल ने बिलासपुर कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
सभा को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा लाए गए UGC कानून का वे पूर्ण समर्थन करते हैं। उनका कहना था कि यह कानून सामाजिक भेदभाव को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है और इससे पिछड़े, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूती मिलेगी।
मीडिया से चर्चा में श्याममूरत कौशिक (प्रदेशाध्यक्ष, छत्तीसगढ़िया सर्व समाज) ने कहा कि UGC कानून संविधान की मूल भावना के अनुरूप है और इसे कमजोर करने का कोई प्रयास नहीं होना चाहिए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से भी अपील की कि इस कानून को यथावत रखा जाए।
वहीं सुभाष परस्ते (प्रदेशाध्यक्ष, सर्व आदिवासी समाज) ने कहा कि सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए यह कानून आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कुछ संगठनों द्वारा किए जा रहे विरोध के जवाब में ही बिलासपुर में यह सभा आयोजित की गई है, ताकि यह स्पष्ट संदेश दिया जा सके कि सर्व समाज इस कानून के साथ खड़ा है।
सभा के दौरान संविधान की गरिमा और सामाजिक समानता के समर्थन में नारे लगाए गए। वक्ताओं ने कहा कि यह रैली केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
अब इस मुद्दे पर आगे की कानूनी दिशा और न्यायालयीन प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।