Latest news

किसान न्याय जनसभा में गरजे आप नेता

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

“किसानों के नाम पर सियासत नहीं, न्याय चाहिए” – अभिषेक मिश्रा
जांजगीर-चांपा। आम आदमी पार्टी द्वारा प्रदेशव्यापी किसान न्याय जनसभा अभियान के तहत जांजगीर लोकसभा क्षेत्र के जयजयपुर विधानसभा अंतर्गत बम्हनीडीह नगर पंचायत में किसान न्याय जनसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष भानु चंद्रा और प्रदेश उपाध्यक्ष व जांजगीर प्रभारी अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला की मौजूदगी रही।


मंच पर पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। जनसभा में बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मोदी-ट्रंप ट्रेड डील पर तीखा हमला
मुख्य अतिथि अभिषेक मिश्रा ने छत्तीसगढ़ी बोली में किसानों की समस्याओं को उठाते हुए राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ किसान विरोधी ट्रेड डील कर किसानों के हितों से समझौता किया है।
उन्होंने कहा कि यदि किसानों के लिए भौतिक सत्यापन जैसे नियम लागू किए जा सकते हैं तो जनता को भी नेताओं और अधिकारियों की संपत्ति का भौतिक सत्यापन करने का अधिकार मिलना चाहिए।
“पूंजीपतियों की सरकार में किसान परेशान”
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला ने कहा कि वर्तमान सरकार पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में प्रदेश में पांच किसानों ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिनमें दो की मौत हो गई।
जांजगीर के किसान अनिल गढ़ेवाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि टोकन नहीं कटने से परेशान होकर वे टावर पर चढ़ गए थे, लेकिन उनकी समस्या सुनने के बजाय उन पर ही एफआईआर दर्ज कर दी गई। शुक्ला ने पीड़ित किसान को निःशुल्क कानूनी सहायता देने की घोषणा की।
“किसानों की लड़ाई सड़क पर भी लड़ेंगे”
वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष भानु चंद्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों के हित में लगातार आवाज उठा रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।
जिला महासचिव विनय गुप्ता ने मंच संचालन करते हुए कहा कि सरकार किसानों को प्रताड़ित करना बंद करे, अन्यथा पार्टी सड़क पर आंदोलन करेगी।
पीड़ित किसान ने मंच से रखी बात
जनसभा में किसान अनिल गढ़ेवाल भी मौजूद रहे। उन्होंने मंच से अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि टोकन नहीं कटने और प्रशासनिक अनदेखी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया था। उन्होंने किसानों का मुद्दा उठाने पर आम आदमी पार्टी का आभार जताया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष परमेश्वर, जिला अध्यक्ष हेमंत कश्यप, रामगोपाल गोरहा, सक्ती जिला अध्यक्ष ईश्वर साहू, श्रीमती कंचन चौहान, लोकसभा सचिव राजेशपुरी गोस्वामी, लोकसभा उपाध्यक्ष परदेशी कश्यप, टिकेश्वर चंद्रा, जिला उपाध्यक्ष राहुल राय, रोहित यादव, भागवत साहू, पामगढ़ विधानसभा प्रभारी ललित बघेल, सक्ती सचिव लतेल करियारे, अजय कश्यप, गनपत महिलांगे सहित बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।