Latest news

पड़ोसी बना जल्लाद: सोते परिवार पर धारदार हथियार से हमला, तीन की मौत—एक मासूम भी शामिल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

घरेलू विवाद से खूनी खेल: सारंगढ़-बिलाईगढ़ के झाल गांव में तड़के वारदात, दो की हालत नाजुक
बिलासपुर रायपुर। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। बरमकेला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत झाल में पड़ोसी ने घरेलू विवाद के चलते एक ही परिवार के पांच लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है।
तड़के 4:30 बजे सोते परिवार पर धावा
घटना डोंगरीपाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4:30 बजे जब परिवार गहरी नींद में था, तभी आरोपी पड़ोसी ने घर में घुसकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। धारदार हथियार से किए गए इस हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक मासूम बच्चे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना में घायल दो अन्य सदस्यों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक दोनों की स्थिति चिंताजनक है।
गांव में मातम, लोगों में भारी आक्रोश
वारदात की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही डोंगरीपाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आई है। वारदात के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस साक्ष्य जुटाने के साथ ही हत्या के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी है।
इस खूनी घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के हिंसक रूप लेने की भयावह तस्वीर सामने रख दी है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के इस शांत गांव में हुई तिहरी हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।