
बिलासपुर। नौकरी लगवाने का झांसा देकर 25 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को हिरी पुलिस ने आखिरकार तीन साल बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था।
मामला थाना हिरी क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 10/2026 धारा 420 भादवि के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपी राजा भैया लहरे (26), निवासी ग्राम छैडोलिया (कोसा), थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा को 20 फरवरी 2026 को घेराबंदी कर उसके गांव से पकड़ा गया।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
प्रार्थी अंबिका प्रसाद भारद्वाज (50) निवासी चंडीपारा उरईहा पामगढ़ ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने उनके बेटे राहुल भारद्वाज और भतीजे हरिश को नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके एवज में आरोपी ने ऑनलाइन बैंक ट्रांजेक्शन से 17 लाख 65 हजार रुपए और नगद 7 लाख 35 हजार रुपए, कुल 25 लाख रुपए ले लिए।
रकम लेने के बाद आरोपी अक्टूबर 2023 से फरार हो गया। पैसे की मांग करने पर उसने परिजनों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। इस बीच थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा में गुम इंसान क्रमांक 56/2023 भी दर्ज हुआ था।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ अपराध
आवेदक द्वारा माननीय न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किए जाने के बाद न्यायालय के आदेश पर थाना हिरी में मामला दर्ज किया गया। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी।
75 हजार नकद और मोबाइल जब्त
विवेचना के दौरान पुलिस ने 20 फरवरी 2026 को आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से 75 हजार रुपए नगद और एक मोबाइल जब्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

