


बिलासपुर।
नगर निगम की आगामी सामान्य सभा की पृष्ठभूमि में कांग्रेस भवन, बिलासपुर में पार्षद दल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर और निगम क्षेत्र से जुड़े ज्वलंत नागरिक मुद्दों को केंद्र में रखते हुए विस्तार से चर्चा की गई। पार्षदों और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नगर प्रशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर साझा रणनीति और मुद्दा गत तैयारी को लेकर विचार-विमर्श हुआ।
कांग्रेस भवन में आयोजित पार्षद दल की बैठक में नगर पालिक निगम की होने वाली सामान्य सभा की बैठक को लेकर एजेंडा आधारित चर्चा की गई। बैठक में प्रमुख रूप से वाणिज्यिक भवनों में यूजर चार्ज (सफाई कर) के युक्तियुक्तिकरण, शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति, आने वाले ग्रीष्मकाल में संभावित जल संकट और उसके निवारण, सफाई व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, आरपा नदी में गिरने वाले नालों के गंदे पानी की रोकथाम जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
इसके साथ ही नगर निगम सीमा में शामिल ग्रामीण क्षेत्रों के वार्डों के सर्वांगीण विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और मच्छरों की बढ़ती समस्या को लेकर भी बैठक में विचार रखा गया। पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से जुड़े अनुभव और जमीनी स्थितियों को साझा करते हुए मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में दोनों जिला अध्यक्षों की उपस्थिति रही। साथ ही पूर्व महापौर, निगम में नेता प्रतिपक्ष, पूर्व विधायक, पूर्व प्रदेश पदाधिकारी, उप नेता प्रतिपक्ष, सभी पार्षद एवं कांग्रेस संगठन से जुड़े अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान निगम से जुड़े विषयों पर राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से चर्चा होती रही।
इस बैठक में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सामूहिक रूप से विचार साझा किए गए और आगामी सामान्य सभा में इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने को लेकर तैयारी पर जोर दिया गया।



