Latest news

वनग्राम शिवतराई में सेहत का महाकुंभ: 35 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम पहुंची जंगल तक, 1580 ग्रामीणों को मिला निःशुल्क इलाज और जांच का लाभ

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

बिलासपुर, कोटा। सुदूर वनांचल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद लेकर पहुंचे शहर के नामी डॉक्टरों ने शिवतराई को एक दिन के लिए सेहत का केंद्र बना दिया। कोटा विधानसभा के वनग्राम शिवतराई में आयोजित मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में भारी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि ऐसे आयोजनों की वनक्षेत्र में कितनी गहरी जरूरत है। शहर के प्रख्यात चिकित्सकों को अपने गांव में पाकर वनवासी बेहद उत्साहित और हर्षित नजर आए।


दिनांक 02 फरवरी 2026 को कोटा विधानसभा के कोटा ब्लॉक अंतर्गत वनग्राम शिवतराई पंचायत के शासकीय हाई स्कूल मैदान में मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, रोटरी क्लब मिडटाउन बिलासपुर एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुआ।

शिविर सुबह 9.00 बजे से दोपहर 2.00 बजे तक चला, जिसमें कुल 1580 मरीजों ने पंजीयन कराकर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार का लाभ लिया। बिलासपुर शहर से पहुंचे 35 ख्याति प्राप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों की जांच कर परामर्श दिया।

शिविर के दौरान ब्लड शुगर जांच, ईसीजी, हड्डी जांच, आंख, कान, नाक एवं गले की जांच की गई। जांच के पश्चात चिकित्सकों द्वारा लिखी गई दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। इसके साथ ही आवश्यकता अनुसार चश्मा, वॉकर, हियरिंग मशीन और छड़ी का भी वितरण किया गया।

स्वास्थ्य शिविर के दौरान स्कूली बच्चों के लिए भी विशेष पहल की गई। बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए। वहीं संकल्प लर्निंग क्लासेस, अग्रसेन चौक द्वारा 11वीं एवं 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई की तैयारी हेतु संकल्प बुक प्रदान की गई।

इस मेगा शिविर में प्रमुख रूप से डॉ. हेमंत चटर्जी, डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. विपिन बैस, डॉ. अशोक मेहता, डॉ. एम.के. मोटवानी, डॉ. संजीव खण्डूजा, डॉ. अपूर्व सिंह, डॉ. अखिलेश देवरस, डॉ. दीपक सरकार, डॉ. संदीप तिवारी, डॉ. नमिता श्रीवास्तव, डॉ. संतोष उद्देश्य, डॉ. निखलेश गुप्ता, डॉ. श्वेता सिंह सहित बड़ी संख्या में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं।

आयोजन में रोटेरियन अरविंद गर्ग, राकेश खरे, कलीमुद्दीन वनक, रतनेश गुप्ता, रशीक अग्रवाल, अजय श्रीवास्तव, शिवदत्त पाण्डेय, अरुण त्रिवेदी, प्रकाश जायसवाल, जयराज दीक्षित, मनोज मरावी, सचिन साहू, शिवदयाल निर्मलकर (लाला), परमेश्वर मिरी, सरपंच कार्तिकराम ध्रुव, बाबा सोनी, प्रतीक त्रिवेदी, विशेष गुप्ता, भास्कर साहू सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने बताया कि विधायक बनने के बाद से शिक्षा और स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकता में है। इसी क्रम में लगातार दूसरे वर्ष वनग्राम शिवतराई में ग्रामीणों के लिए यह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन एवं रोटरी क्लब मिडटाउन के सहयोग से शहर के ख्याति प्राप्त विशेषज्ञ चिकित्सक शिविर में पहुंचे, वहीं स्थानीय ग्रामीणों का सहयोग मरीजों को लाने-ले जाने में मिला।

विधायक श्रीवास्तव ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के सभी लोगों तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना उनका प्रयास है। सरकारी व्यवस्थाओं के साथ-साथ ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को बड़ा लाभ मिलता है। शिविर में ग्रामीणों की भारी उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि वनग्रामों में स्वास्थ्य सेवाओं की कितनी अधिक आवश्यकता है।

उन्होंने यह भी बताया कि आपात स्थिति में मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही उनका प्रयास है कि जो सुदूर वनक्षेत्र के निवासी जांच और इलाज के लिए बिलासपुर शहर नहीं पहुंच पाते, उनके लिए शिविर के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों को गांव तक पहुंचाया जाए।

विधायक अटल श्रीवास्तव ने शिविर में शामिल सभी चिकित्सकों, रोटरी क्लब मिडटाउन, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, कोटा पत्रकार संघ, हाई स्कूल शिवतराई के समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं, कोटा विकासखंड चिकित्सा विभाग के अधिकारियों, मितानिनों, कांग्रेस के पदाधिकारियों, कोटा ब्लॉक के जनप्रतिनिधियों तथा शिवतराई ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।