Latest news

नशे के नेटवर्क पर बिलासपुर पुलिस का वार: अंतर्राज्यीय तस्करी का भंडाफोड़, 34 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपी गिरफ्त में

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर।
जिले में नशे के खिलाफ छेड़े गए सघन अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने एक बड़ी और संगठित कार्रवाई को अंजाम देते हुए अंतर्राज्यीय नशा तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। थाना चकरभाठा एवं एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) बिलासपुर की संयुक्त टीम ने हेरोइन की अवैध खरीद-फरोख्त में लिप्त तीन आरोपियों को धर दबोचा है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारी कीमत आंकी जा रही है। यह कार्रवाई न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि दूसरे राज्य से जुड़े नशे के अवैध कारोबार की परतें भी खोलती है।
हिर्री माइंस–तिलक नगर क्षेत्र में घेराबंदी, तीनों आरोपी दबोचे गए
थाना चकरभाठा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि तीन व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर हिर्री माइंस, तिलक नगर क्षेत्र में नशेड़ियों को बेचने के उद्देश्य से घूम रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल रणनीति बनाते हुए बताए गए इलाके में घेराबंदी की और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त तीनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
पूछताछ में खुला अंतर्राज्यीय तस्करी का तरीका
पुलिस पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी करन दीप सिंह दूसरे राज्य से अवैध मादक पदार्थ लाकर मोहित हिंदूजा को देता था। इसके बाद करन दीप सिंह अपने साथी आर. रजिंदर कुमार के साथ मिलकर तीनों आरोपी इस हेरोइन को ऊंचे दामों पर नशेड़ियों को बेचते थे। इस नेटवर्क के जरिए जिले में नशे का कारोबार फैलाने की सुनियोजित कोशिश की जा रही थी।
पकड़े गए आरोपी
मोहित हिंदूजा, पिता टीकम दास, उम्र 32 वर्ष, निवासी चकरभाठा वार्ड क्रमांक 07
करन दीप सिंह, पिता सुखविंदर सिंह, उम्र 29 वर्ष, निवासी चकरभाठा वार्ड क्रमांक 12
आर. रजिंदर कुमार, पिता मुख्तियार लाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम खेमकरण, जिला तरनतारन (पंजाब)
तीन दिनों में जिलेभर में 7 एनडीपीएस प्रकरण, भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जप्त
इसी क्रम में बिलासपुर जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले 03 दिनों में एनडीपीएस एक्ट के 07 प्रकरणों में कार्रवाई की गई है। इन कार्रवाइयों के दौरान पुलिस ने
1300 नशीली टैबलेट,
400 एमएल एविल इंजेक्शन,
02 किलोग्राम गांजा
जप्त किया है।
लगातार की जा रही इन कार्रवाइयों से जिले में सक्रिय नशे के अवैध नेटवर्क पर सीधा और प्रभावी दबाव बना है।
कठोर वैधानिक कार्रवाई, न्यायालय में पेशी की तैयारी
पकड़े गए तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
नशे के अवैध कारोबार पर लगातार शिकंजा
बिलासपुर पुलिस द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार सघन और लक्ष्य आधारित अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई प्रभावी कार्रवाइयों के जरिए नशे के अवैध कारोबार से जुड़े तस्करों, सप्लायर्स और नेटवर्क पर सख्त प्रहार किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।