Latest news

कोटा में कांग्रेस का चक्का जाम, मनरेगा बचाव और धान खरीदी को लेकर सरकार पर दबाव

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read


विधायक अटल श्रीवास्तव बोले– किसान विरोधी है सरकार, 31 जनवरी के बाद भी धान खरीदी को करेंगे मजबूर
कोटा।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कोटा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा शुक्रवार को मनरेगा बचाव संग्राम और धान खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन व चक्का जाम किया गया।
धरना कोटा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण त्रिवेदी के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें विधायक अटल श्रीवास्तव, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, पर्यवेक्षक आनंद जायसवाल, गौरव दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, जिला व प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। साथ ही महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, कोटा के पार्षद, पार्षद प्रत्याशी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसजन धरना स्थल पर शामिल हुए।
धरना उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को मनरेगा कानून को बहाल करने और धान खरीदी की तिथि बढ़ाने संबंधी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
| विधायक अटल श्रीवास्तव
“यह सरकार पूरी तरह किसान विरोधी है। न तो धान खरीदी की लिमिट बढ़ाई जा रही है और न ही पर्याप्त तारीख दी जा रही है। सिर्फ 9 तारीख बढ़ाकर सरकार ने किसानों के साथ छल किया है। बड़ी संख्या में किसानों का धान अब भी बचा हुआ है। कांग्रेस इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी और सरकार को मजबूर करेगी कि 31 जनवरी के बाद भी किसानों का धान खरीदे।”
मनरेगा को लेकर विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा—
“मनरेगा कोई योजना नहीं, बल्कि कानून था। यह मजदूरों का अधिकार था, जिसे मनमोहन सिंह सरकार ने देश के मजदूरों को दिया। वर्तमान सरकार कानून को खत्म कर योजना बना रही है और राम के नाम का भावनात्मक उपयोग कर मजदूरों से रोजगार छीनने का काम कर रही है। जब तक मनरेगा कानून पूरी तरह लागू नहीं होगा, हमारी लड़ाई जारी रहेगी।”
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर लिया संकल्प
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा—
“आज महात्मा गांधी की पुण्यतिथि है। यह संकल्प लेने का दिन है कि गांधी जी के विचारों और सिद्धांतों के खिलाफ चलने वाली, गोडसेवादी सोच वाली सरकार द्वारा मजदूर, गरीब और महिलाओं के खिलाफ अपनाए जा रहे रवैये का विरोध किया जाएगा। जिस तरह से मनरेगा कानून को बंद किया गया है, उसे हर हाल में वापस लागू कराया जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा कि
“राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में आज पूरे जिले के सभी ब्लॉकों में यह आंदोलन धरना-प्रदर्शन के रूप में चल रहा है। कोटा में भी सभी साथियों के साथ हमने धरना दिया, ज्ञापन सौंपा। यह संग्राम तब तक जारी रहेगा, जब तक मजदूरों के अधिकार का कानून वापस लागू नहीं हो जाता।”
कार्यक्रम का संचालन और आभार
धरना कार्यक्रम का संचालन फूलचंद अग्रहरी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण त्रिवेदी ने किया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।