बिलासपुर। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ सदैव कर्मचारी हितैषी मुद्दों को विद्युत प्रबंधन के समक्ष उठाता रहा है और उसे पूरा कराने लगातार विद्युत प्रबंधन से सकारात्मक चर्चा करता आया है, चर्चा विफल होने पर आंदोलन की रणनीति तय कर आंदोलन के माध्यम से मांग पूरी कराने प्रयास किया जाता रहा है।

इसी क्रम में विगत कई वर्षों से लंबित 22 सूत्रीय मांग, जिसमें दो प्रमुख मांग 2004 के पश्चात कंपनी में नियुक्त कर्मचारियों – अधिकारियों की पुरानी पेंशन योजना और संविदा नियमितीकरण मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय मजदूर संघ के मंत्री एवं उद्योग प्रभारी श्री राधेश्याम जायसवाल के मार्गदर्शन में विगत 09 अक्टूबर 2025 को विद्युत कंपनी मुख्यालय डंगनिया में विशाल आमसभा और धरना प्रदर्शन किया गया था, जिसके परिणाम स्वरूप 24 अक्टूबर को चेयरमैन महोदय के साथ द्विपक्षीय वार्ता में संविदा कर्मचारियों के वेतन वृद्धि के संबंध में मिनट्स ऑफ मीटिंग में प्रबंधन के द्वारा महासंघ के प्रतिनिधियों से प्रस्ताव मांगा गया था।
छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ के प्रदेश कार्यालय मंत्री चेतनानंद दुबे द्वारा प्रेस को बताया गया कि महासंघ के विशेष प्रयास से आज दिनांक 22.01.2026 को महासंघ के प्रतिनिधियों के समक्ष विद्युत कंपनी प्रबंधन के द्वारा संविदा कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि के संबंध में आदेश जारी किया गया, समान काम – समान वेतन के अवधारणा के अनुरूप संविदा कर्मचारियों का मूल वेतन नियमित परिचारक श्रेणी 3 के समकक्ष निर्धारित किया गया, मैदानी भत्ता 5 प्रतिशत, अनुभव के आधार पर 27प्रतिशत तक विशेष अनुदान राशि और महासंघ के विशेष प्रयास से 10 वर्ष सेवा पूर्ण कर चुके संविदा कर्मचारियों को सेवामुक्त नहीं करते हुए उनकी सेवा आगे जारी रखने आदेश जारी किया गया तथा संविदा कर्मचारियों के अन्य हितलाभ हेतु एक कमेटी के गठन पर भी सहमति बनी, जिनके द्वारा प्रत्येक वर्ष वेतन इत्यादि के संबंध में समीक्षा कर आवश्यक निर्धारण किया जाएगा। इसी कड़ी में महासंघ के प्रतिनिधियों द्वारा पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक ट्रांसमिशन श्री आर के शुक्ला का आभार व्यक्त करते हुए पुष्प गुच्छ भेट किया गया। वहीं संविदा कर्मचारियों के ओर से श्री राधेश्याम जायसवाल जी का पुष्प गुच्छ भेट कर आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के अ.भा.मंत्री एवं उद्योग प्रभारी राधेश्याम जायसवाल, अखिल भारतीय विद्युत कर्मचारी महासंघ के उपमहामंत्री हरीश चौहान, कोषाध्यक्ष मनोज शर्मा, अ.भा. कार्यसमिति सदस्य डी के यदु, श्रीमती रीता बघेल, महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय तिवारी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष तेज प्रताप सिन्हा, प्रदेश महामंत्री नवरतन बरेठ, उपाध्यक्ष मोरध्वज जायसवाल, उपाध्यक्ष केमल वर्मा, रायपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष परमेश्वर कन्नौजे, सचिव नीलांबर सिन्हा, कोषाध्यक्ष पवन ओंगले, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश सैनी, पुरनदास कठुरे, श्रीमती कल्पना तुमराम सहित संविदा कर्मचारियों में शुभम यदु, टाकेश्वर साहू आदि उपस्थित रहे।



