Latest news

सेंट्रल यूनिवर्सिटी के हिंदी विभाग में प्रशासनिक बदलाव, डा. रमेश गोहे को जिम्मेदारी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

00 डा. गौरी त्रिपाठी का कार्यकाल हुआ पूर्ण

बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (जीजीयू) के हिंदी विभाग में प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत विभागाध्यक्ष पद पर बदलाव किया गया है। डा.गौरी त्रिपाठी का निर्धारित कार्यकाल पूरा होने के बाद असिस्टेंट प्रोफेसर डा. रमेश गोहे को हिंदी विभाग के एचओडी का प्रभार सौंपा गया है। साहित्यकार अपमान विवाद के बाद से हिंदी विभाग लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।

विश्वविद्यालय के मीडिया सेल प्रभारी प्रो. मनीष श्रीवास्तव के अनुसार हिंदी विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष डा. गौरी त्रिपाठी ने जनवरी 2023 में एसोसिएट प्रोफेसर रहते हुए एचओडी का पदभार संभाला था। विश्वविद्यालय के प्रावधानों के तहत एसोसिएट प्रोफेसर के लिए विभागाध्यक्ष का कार्यकाल दो वर्ष तथा प्रोफेसर के लिए तीन वर्ष निर्धारित है। डा. त्रिपाठी बाद में प्रोफेसर पद पर पदोन्नत हो चुकी थीं, ऐसे में उनका निर्धारित कार्यकाल तीन जनवरी 2026 को पूर्ण हो गया।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कार्यकाल समाप्त होने के कारण ही विभाग में नया प्रभार सौंपा गया है और इसे किसी भी विवाद से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। इसी क्रम में हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डा.रमेश गोहे को एचओडी का चार्ज दिया गया है, ताकि विभागीय कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें। हाल के दिनों में विश्वविद्यालय में आयोजित एक साहित्यिक कार्यक्रम को लेकर चर्चा अवश्य हुई थी, लेकिन प्रशासन का कहना है कि विभागाध्यक्ष पद में किया गया यह बदलाव पूरी तरह प्रशासनिक और नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने सभी शैक्षणिक गतिविधियों को शांतिपूर्ण और अकादमिक वातावरण में आगे बढ़ाने की बात कही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।