Latest news

ऑनलाइन डिलीवरी नेटवर्क की सख्त जांचबिलासपुर में वेयरहाउसों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, Amazon-Flipkart-Meesho-Blinkit से जुड़े गोदामों में रेड, चाकू बरामद

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)।
ऑनलाइन शॉपिंग और तेज़ी से फैलते डिलीवरी नेटवर्क के बीच अवैधानिक गतिविधियों की आशंकाओं को लेकर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री राजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले के प्रमुख थाना क्षेत्रों में एक साथ संयुक्त निरीक्षण एवं रेड अभियान चलाया गया, जिससे पूरे शहर में हड़कंप की स्थिति रही।


यह कार्रवाई थाना तारबाहर, सिविल लाइन, सरकंडा और चकरभाठा क्षेत्रांतर्गत संचालित उन वेयरहाउसों और गोदामों में की गई, जहां ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों एवं बड़े रिटेल स्टोर्स का सामान संग्रहीत किया जाता है। पुलिस की टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर पहुंचकर गोदामों के भीतर रखे गए पैकेज, स्टॉक और सामग्री की गहन जांच की।
देश की नामी ऑनलाइन कंपनियों के वेयरहाउस जांच के दायरे में
जांच के दौरान जिन वेयरहाउसों को चिह्नित कर निरीक्षण किया गया, उनमें Blue Dart, E-Cart, Amazon, Flipkart, Meesho, Blinkit सहित अन्य बड़े रिटेल स्टोर्स से जुड़े गोदाम शामिल रहे। इन वेयरहाउसों में आने-जाने वाले सामान, पैकिंग यूनिट और डिलीवरी से पहले रखे गए उत्पादों का बारीकी से सत्यापन किया गया।
रेड के दौरान चाकू बरामद, पुलिस ने की जप्ती
निरीक्षण के दौरान कुछ वेयरहाउसों से चाकू (Knife) बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस द्वारा तत्काल जप्त कर लिया गया। इसके बाद इन वस्तुओं को लेकर संबंधित वेयरहाउसों से जुड़े कर्मचारियों और प्रबंधन से आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस ने इस बिंदु पर विशेष ध्यान केंद्रित किया कि कहीं इन धारदार हथियारों की खरीद-फरोख्त किसी आपराधिक उद्देश्य से तो नहीं की जा रही थी।
वेयरहाउस प्रबंधक एसपी कार्यालय तलब
कार्रवाई के बाद सभी संबंधित वेयरहाउस प्रबंधकों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बिलासपुर तलब किया गया। वहां पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन माध्यम से चाकू एवं अन्य प्रतिबंधित धारदार हथियारों की गतिविधियों को लेकर विस्तृत जानकारी ली। प्रबंधन से जुड़े दस्तावेज, स्टॉक रिकॉर्ड और सप्लाई चैन की भी जांच की गई।
कानून-व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट
बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। हाल के समय में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अवैधानिक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इसी कड़ी में यह संयुक्त रेड और निरीक्षण अभियान पुलिस की निगरानी व्यवस्था की गंभीरता को दर्शाता है।
आगे भी जारी रहेगी सख्त निगरानी
बिलासपुर जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अवैधानिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस द्वारा इस तरह की जांच, निगरानी और औचक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे भी लगातार जारी रखी जा रही है। ऑनलाइन शॉपिंग नेटवर्क और वेयरहाउस सिस्टम पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।