बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने तेज़ी और सटीक इन्वेस्टिगेशन का दम दिखाते हुए महज़ 48 घंटे में दो अलग–अलग चोरी के मामलों का खुलासा कर दिया। दोनों प्रकरणों में चोरी गया कुल ₹1,11,675 का मशरूका बरामद कर एक आरोपी और उसके विधि से संघर्षरत नाबालिग साथी को पुलिस ने गिरफ़्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। लगातार चोरी की घटनाओं से परेशान इलाके में इस कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता का साफ़ संदेश गया है।
मामला–1 : खिड़की से घुसे चोर, नकदी–मोबाइल–सोने का मंगलसूत्र पार
प्रार्थी प्रकाश यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 नवंबर की रात उसके कमरे की खुली खिड़की से घुसकर अज्ञात चोर ₹6000 नगद, एक Vivo मोबाइल और सोने का मंगलसूत्र चोरी कर ले गए। कुल चोरी गई संपत्ति की कीमत ₹51,675 आंकी गई। मामला अप.क्र. 1645/25 पर दर्ज कर विवेचना में लिया गया।


मामला–2 : ताला तोड़कर ₹60 हजार की चोरी
दूसरे मामले में प्रार्थी लालाराम केंवट ने बताया कि 5 अक्टूबर को घर में ताला लगाकर ई-रिक्शा चलाने गया था। लौटने पर पता चला कि कमरे से मोबाइल, ₹5000 नगद और सोने–चांदी के आभूषण, कुल ₹60,000 चोरी कर लिए गए हैं। पुलिस ने अप.क्र. 1646/25 दर्ज किया।
सुराग मिला, घेराबंदी कर दोनों पकड़े गए
पतासाजी के दौरान 01 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक खमतराई काली मंदिर के पास संदिग्ध रूप से मोबाइल बेचने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर शिवराज यादव (23 वर्ष) और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में लिया।
कुल ₹1.11 लाख का मशरूका बरामद
पूछताछ में दोनों ने दोनों घरों से चोरी करना स्वीकार लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी गई सामग्री—मोबाइल फोन, नकदी और सोने–चांदी के आभूषण—बरामद कर ली गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।



