बिलासपुर। न्यू रिवर व्यू रोड पर खतरनाक स्टंट करते हुए वायरल हुए वीडियो ने सिविल लाइन पुलिस को हरकत में ला दिया। सड़क पर तेज रफ्तार में दौड़ रही बिना नंबर प्लेट की सिल्वर स्विफ्ट कार के बोनट पर प्रसून यादव खतरनाक तरीके से बैठा था, जबकि वाहन को आदित्य राणा जोखिमपूर्ण अंदाज में चला रहा था। ड्रोन कैमरे से इस स्टंट का वीडियो ओंकार पटेल द्वारा शूट कर वायरल किया गया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने बिना नंबर की कार और प्रयुक्त ड्रोन कैमरा जब्त करते हुए तीनों युवकों—प्रसून यादव (21), आदित्य राणा (18) और ओंकार पटेल (25), सभी निवासी ग्राम निरतु थाना सीपत—को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ अपराध क्रमांक 1409/2025 के तहत धारा 281, 3(5) BNS एवं 184, 189 मोटर व्हीकल एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है और संबंधित लाइसेंस के निलंबन की प्रक्रिया भी आरंभ है।



