Latest news

रेल दुर्घटना पर उबल पड़ा बिलासपुर: कांग्रेस का जीएम ऑफिस घेराव, लाठीचार्ज, चक्काजाम — “अडानी ढुलाई पहले, यात्रियों की सुरक्षा बाद में ”

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

बिलासपुर, 14 नवंबर।
4 नवंबर की भीषण रेल दुर्घटना में दर्जनभर मौतों और कई घायलों को लेकर आज बिलासपुर में ज़िला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण/शहर) का गुस्सा फूट पड़ा। हजारों की भीड़ रामलीला मैदान से जीएम रेलवे ऑफिस की ओर कूच कर गई और देखते ही देखते पूरा प्रशासन दबाव में आ गया। भीड़ को रोकने के लिए आरपीएफ ने हल्का लाठीचार्ज किया, बहसबाज़ी हुई, गेट बंद हुए, सड़कें जाम हो गईं—लेकिन कांग्रेसजन अड़ गए:
“रेल मंत्री इस्तीफा दो… मृतकों को न्याय दो… एक ट्रैक पर कई गाड़ियां क्यों?”
जब तक जीएम कार्यालय से कोई अधिकारी सामने नहीं आया, तब तक कांग्रेस ने पूरा क्षेत्र ठप कर दिया।
सुबह 11 बजे से जुटी भीड़, दोपहर 1.15 बजे फूटा गुस्सा — पुलिस-आरपीएफ बैकफुट पर
रामलीला मैदान (तोरवा) में सुबह 11 बजे से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। तिफरा, बिल्हा, सकरी, बेलतरा, सीपत, मस्तूरी सहित पूरे ज़िले से हजारों कार्यकर्ता आए। सभा के बाद जब भीड़ रैली बनकर जीएम रेलवे दफ्तर की ओर बढ़ी, तो वहां पहले से तगड़ा पुलिस बंदोबस्त था—गेट बंद, आरपीएफ तैनात, बैरिकेडिंग तैयार।
लेकिन भीड़ इतनी विशाल थी कि
पुलिस और आरपीएफ जवान बैकफुट पर नज़र आए।
गेट पर धक्का-मुक्की बढ़ी तो आरपीएफ की ओर से हल्का लाठीचार्ज भी किया गया, जिसे कांग्रेस ने शांतिपूर्ण आंदोलन को भड़काने की कोशिश बताया।
कांग्रेस का सवाल— “अडानी की ढुलाई सुरक्षित, लेकिन यात्रियों की जान खतरे में क्यों?”
कांग्रेसजनों ने गेट पर चढ़कर नारेबाजी तेज़ कर दी—
“जीएम मुर्दाबाद!”
“मृतकों को न्याय दो!”
“रेल मंत्री इस्तीफा दो!”
जब जीएम की ओर से कोई अधिकारी बातचीत के लिए नहीं आया, कांग्रेसजन वहीं सड़क पर बैठ गए और भारी चक्काजाम कर दिया। इससे ट्रैफिक ठप हुआ और रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
क्योंकि हर पल की जानकारी केंद्र तक भेजी जा रही थी।
एक घंटे बाद ही झुकी रेलवे — डीजीएम सुधीर कांत माथुर आए, सड़क पर बैठकर ज्ञापन लिया
लगभग एक घंटे के चक्काजाम के बाद डीजीएम सुधीर कांत माथुर बाहर आए और सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारियों के बीच बैठकर उनका ज्ञापन लिया।
उन्होंने भरोसा दिया कि:
“आपकी मांगें उच्च स्तर तक भेजी जाएंगी।”
इस आंदोलन में डीपी विप्र कॉलेज की छात्राएं भी शामिल हुईं, क्योंकि दुर्घटना में उसी कॉलेज की एक छात्रा की मौत हुई थी।
ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी का हमला— “रेलवे तानाशाह बन चुका है, सुरक्षा कवच झूठ साबित हुआ”
विजय केशरवानी बोले—
रेलवे का रवैया तानाशाही है, सहयोगात्मक बिल्कुल नहीं।
बिलासपुर ने रेलवे ज़ोन को सब कुछ दिया, लेकिन बदले में यात्रियों को सुविधाएँ नहीं मिलीं।
4 नवंबर की दुर्घटना نے रेलवे के सभी सुरक्षा दावे ध्वस्त कर दिए।
अडानी की ढुलाई को प्राथमिकता देकर एक ही ट्रैक पर कई गाड़ियां चलाई जा रही हैं—यह यात्रियों की जान से खिलवाड़ है।
उन्होंने मांग रखी—
मृतकों को 1-1 करोड़ मुआवज़ा और नियमित नौकरी
गंभीर घायलों को 50-50 लाख
साधारण घायलों को 10-10 लाख मुआवज़ा
शहर अध्यक्ष विजय पांडेय का हमला— “रेल प्रशासन जनता विरोधी, अंग्रेजियत वाली सोच”
विजय पांडेय ने कहा—
रेलवे कॉलोनियों के अप्रोच रोड बंद कर दिए गए हैं।
रेलवे कर्मचारियों से घर के सामने तंबू लगाने पर 5,000 रुपये वसूले जा रहे हैं।
सेरसा मैदान सिर्फ अधिकारियों के लिए—यह औपनिवेशिक मानसिकता है।
नार्थ इंस्टीट्यूट खेलने लायक नहीं है; स्टैंड में यात्रियों से दुर्व्यवहार आम बात है।
मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया का बड़ा आरोप— “केंद्रीय संस्थान तानाशाह बन गए, मंत्री मौन क्यों?”
दिलीप लहरिया बोले—
बिलासपुर के सभी केंद्रीय संस्थान—रेलवे हो या विवि—तानाशाह बने हुए हैं।
छत्तीसगढ़ की जनता की सुविधा किसी के लिए मायने नहीं रखती।
विश्वविद्यालय में छात्र अर्सलान और प्रोफेसर की मौत — कोई FIR नहीं!
रेल दुर्घटना में दर्जनभर मौत — फिर भी कोई जिम्मेदार नहीं!
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू मजबूर क्यों नज़र आ रहे हैं?
पूरा नेतृत्व सड़कों पर — भीड़ में शामिल रहे सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख नेता और पदाधिकारी:
विजय केशरवानी, विजय पांडेय, दिलीप लहरिया, देवेंद्र सिंह, विश्वम्भर गुलहरे, भरत कश्यप, ऋषि पांडेय, समीर अहमद, नसीम खान, अब्दुल इब्राहिम, राजा व्यास, सुनील सिंह, सैय्यद निहाल, किरण कश्यप, साईं भास्कर, अभिलाष रजक, मोती ठारवानी, जावेद मेमन, विनोद साहू, अरविंद शुक्ला, सुधांशु मिश्रा, जगदीश कौशिक, लक्ष्मीनाथ शाहू, राजेंद्र शाहू, नीरज जायसवाल, जितेंद्र पांडेय, गीतांजलि कौशिक, राजेंद्र धीवर, भोलाराम साहू और बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों की उपस्थिति ने पूरे शहर को ठप कर दिया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।