रायपुर/बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शासकीय निवास में हर वर्ष की तरह इस बार भी गोवर्धन पूजा का आयोजन धार्मिक उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया गया। पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न इस पूजन कार्यक्रम में प्रदेशभर से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

इस अवसर पर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव बिलासपुर से विशेष रूप से रायपुर पहुंचे। उनके साथ जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद नायक, जिला पंचायत के पूर्व सभापति जितेंद्र पांडे, और पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिव बालक कौशिक सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसजन मौजूद रहे। सभी ने भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और आपसी सौहार्द की कामना की।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास में हर वर्ष आयोजित यह पर्व कांग्रेस परिवार के लिए सामाजिक एकजुटता और परंपरा के संरक्षण का प्रतीक माना जाता है। पूजा कार्यक्रम के दौरान भजन, प्रसाद वितरण और पारंपरिक वाद्य ध्वनियों के बीच पूरा माहौल धार्मिक श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा।



