Latest news

शिक्षा का मंदिर बना शराबखाना: मस्तूरी के सरकारी स्कूल में गुरुजनों की मुर्गा-दारू पार्टी, मासूम बच्चों के बीच चली गाली-गलौज, देर रात दोनों शिक्षक निलंबित

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के मस्तूरी विकासखंड से सरकारी शिक्षा व्यवस्था को कलंकित करने वाली चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। रहटाटोर ग्राम की शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षक विद्यालय समय पर ही शराब और मुर्गा पार्टी करते पकड़े गए। नशे में धुत शिक्षकों ने बच्चों के सामने ही गाली-गलौज की और विद्यालय परिसर को शराबखाने में तब्दील कर दिया।


जानकारी के अनुसार विद्यालय में सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम आयोजित था। इसी दौरान अतिथि स्वागत के नाम पर प्रधानपाठक राजेश्वर मरावी और शिक्षक मनोज नेताम ने स्कूल में शराब और मुर्गे की व्यवस्था कराई। मध्यान्ह भोजन की रसोइयों से खाना तैयार कराया गया और कार्यालय कक्ष में बैठकर तीनों शिक्षकों ने शराब पी। उस वक्त कक्षा में बच्चे और महिला रसोइयां मौजूद थीं। नशे में चूर शिक्षकों ने बच्चों से गाली-गलौज की, जिससे वे डरकर घर लौट गए और पूरी बात अभिभावकों को बताई।


बच्चों ने आरोप लगाया कि ये शिक्षक अक्सर नशे में स्कूल आते हैं, गुटखा-खैनी खाते हैं और सफाई तक बच्चों से करवाते हैं। अभिभावक और ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, पहले भी इन शिक्षकों की शिकायतें ब्लॉक शिक्षा कार्यालय तक पहुंची थीं, लेकिन कार्रवाई के बजाय विभाग ने हमेशा उन्हें संरक्षण दिया।
145 विद्यार्थियों और 4 शिक्षकों वाले इस विद्यालय में शिक्षा की जगह अब डर और तिरस्कार का माहौल है। विद्यालय समय में मुर्गा और शराब पार्टी करने की इस करतूत ने पूरे मस्तूरी ब्लॉक की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि मस्तूरी विकासखंड में ऐसे मामलों पर कार्रवाई न होना ही इस गिरावट की जड़ है। विभागीय अधिकारियों की ढिलाई और संरक्षण से नशे में धुत शिक्षक खुलेआम बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।
गुरु के नाम पर धब्बा बने ऐसे शिक्षक अब भी कक्षाओं में बच्चों को ‘संस्कार’ सिखा रहे हैं— और यही छत्तीसगढ़ की सरकारी शिक्षा व्यवस्था की सबसे कड़वी सच्चाई है। इस मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे से चर्चा की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।  हालांकि देर रात डीईओ ने शराबी दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।