बिलासपुर। दीपावली पर्व के समापन के बाद अब शहर में गौरा-गौरी पूजा का उल्लास छाया हुआ है। इसी कड़ी में राजेंद्र नगर वार्ड में पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ गौरा-गौरी पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु महिलाओं और युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य करते हुए भाग लिया।
कार्यक्रम में शहर विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती (गौरा-गौरी) की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और नगर की शांति की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि गौरा-गौरी पूजा छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है, जो सामाजिक एकता और पारिवारिक प्रेम का प्रतीक है।
पूजन समारोह में वार्ड पार्षद एवं एमआईसी मेंबर संजय यादव, भाजपा नेता दीपक सारथी, समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। महिलाओं ने पारंपरिक गीतों के साथ पूजा संपन्न की। शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्तिमय वातावरण ने पूरे इलाके को आस्था और उल्लास से भर दिया।
गौरतलब है कि गौरा-गौरी पूजा दीपावली के दूसरे दिन मनाई जाती है, जिसमें विवाहित महिलाएं गौरा-गौरी की प्रतिमाओं की पूजा कर अपने परिवार की मंगलकामना करती हैं।



