मो इसराइल बबलू
बिलासपुर, रायपुर | न्यूज़डॉन छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। दीपों की रोशनी में लहूलुहान हुईं सात जानें… और हत्यारे वही निकले, जो कभी अपने थे। रायगढ़ से रायपुर तक, कवर्धा से सूरजपुर तक — रिश्तों ने भरोसे की डोर तोड़ी और इंसानियत को शर्मसार कर दिया।
रायपुर: पटाखे के विवाद में युवक की हत्या, दो सगे भाई बने कातिल
राजधानी रायपुर के बीएसयूपी कॉलोनी में दीपावली की रात पटाखा फोड़ने को लेकर ऐसा विवाद हुआ, जो खून में बदल गया।
ताहिर हुसैन अपने परिवार के साथ जश्न मना रहा था, तभी उसी कॉलोनी के मदन यादव और सूरज यादव आए और मामूली कहासुनी के बीच बेकाबू हो उठे।
दोनों ने मिलकर ताहिर के सीने और पेट में कैंची से वार कर मौत के घाट उतार दिया।
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए ताहिर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हत्या के बाद दोनों सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
रायगढ़: पति-पत्नी की हत्या, शव आंगन में फेंका — गांव में सनसनी
रायगढ़ जिले के भेंड्रा पंचायत के कपाटडेरा गांव में गुरुवार सिंह राठिया (35) और उनकी पत्नी मनीता (30) की हत्या कर शवों को आंगन में फेंक दिया गया।
आधी रात को जब गांव वाले जागे तो आंगन में खून से सनी लाशें पड़ी थीं।
घरघोड़ा थाना पुलिस ने डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है।
हत्या की वजह अब तक साफ नहीं, लेकिन घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
धमतरी: नवविवाहित दंपत्ति की संदिग्ध मौत, पति ने लिखा – “पहले उसे मारूंगा, फिर खुद मरूंगा…”
धमतरी के हरदी गांव में नवविवाहित हिम्मत यादव और उनकी पत्नी लक्ष्मी यादव की लाश उनके घर में मिली।
पुलिस को युवक का आख़िरी व्हाट्सएप स्टेटस मिला जिसमें लिखा था — “पहले उसे खत्म करूंगा, फिर खुद मर जाऊंगा। मेरी मौत के जिम्मेदार सास-ससुर हैं।”
यह शादी महज एक साल पहले हुई थी। पुलिस आत्महत्या और हत्या के एंगल से जांच कर रही है।
कवर्धा: सोती पत्नी पर पति ने सब्बल से किया वार, मौके पर मौत
कवर्धा जिले के ग्राम सोढ़ा में दीपावली की रात पति ने सोती हुई पत्नी पर लोहे की सब्बल से हमला कर दिया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
मृतका का नाम अशमनी गेन्ड्रे और आरोपी का नाम परसुराम गेन्ड्रे है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हथियार जब्त किया गया है।
गांव में मातम और गुस्से का माहौल है।
सूरजपुर: खाना न बनाने पर पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार
सूरजपुर जिले के भट्ठापारा इलाके में अतवार सिंह नामक युवक ने पत्नी को इसलिए पीट-पीटकर मार डाला क्योंकि उसने रात में खाना नहीं बनाया था।
हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया है।



