मो इसराइल बबलू
सिविल लाइन थाने से 500 मीटर पर हो चुकी है चोरी
चार दिन में दूसरी वारदात, साकेत अपार्टमेंट व गुलमोहर पार्क में लाखों का माल पार — पुलिस की रात्रि गश्त पर आखिर बार-बार क्यों उठाते हैं सब सवाल
बिलासपुर।
बिलासपुर शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस के रात्रि गश्त और सुरक्षा दावों के बावजूद चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
बीते रविवार को अग्रसेन चौक स्थित साकेत अपार्टमेंट में दिनदहाड़े दो फ्लैट में चोरी हुई, वहीं गुलमोहर पार्क में एक ही चोर ने 14 लाख रुपए के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
चार दिन के भीतर यह शहर की दूसरी बड़ी वारदात है।

पहले गलियों में गोरखों की सीटी गूंजती थी, अब सन्नाटे में चोरों की दस्तक
कभी बिलासपुर की गलियों में रात को गोरखों की “सीटी” और “सिटी साहब जी” की आवाज सुरक्षा की गारंटी थी।
अब वही गलियाँ सन्नाटे में चोरों के कदमों की आहट से गूंज रही हैं।
पुलिस की आधुनिक गश्त प्रणाली और सीसीटीवी निगरानी के दावों के बावजूद शहर पुराने डर की ओर लौट रहा है।
केस-1 : साकेत अपार्टमेंट — दो फ्लैट के ताले टूटे, 5 लाख का रूबी नेकलेस चोरी
स्थान : अग्रसेन चौक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र
समय : सुबह 10.30 से दोपहर 1.30 बजे के बीच
- फ्लैट 115 (संतोष खंडेलवाल) – मंदिर दर्शन गए परिवार की अनुपस्थिति में ताला टूटा।
लॉकर से रूबी जड़ित नेकलेस (कीमत लगभग ₹5 लाख) चोरी।
चोरों ने बैग में रखे ₹1 लाख कैश को नहीं छुआ, यानी पूरी तरह टारगेटेड चोरी। - फ्लैट 201 (एहसान एखलाक, अंबुजा सीमेंट कर्मचारी) – परिवार शादी में गया था।
घर से 15 तोला सोना, चांदी और नकद गायब।
फोरेंसिक टीम और स्निफर डॉग बुलाए गए, पर कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
टीआई सुम्मत राम साहू – “घटना की जांच जारी है, संदिग्धों से पूछताछ हो रही है।”
केस-2 : गुलमोहर पार्क — सूने घर से ₹14 लाख की चोरी
स्थान : मंगला शिव मंदिर चौक, गुलमोहर पार्क
पीड़ित : अश्वनी कुमार कश्यप, अस्पताल मैनेजर
- चोर सब्बल से दरवाजा तोड़कर घुसे, आलमारी में रखे ₹7 लाख नकद और सोने-चांदी के जेवर ले गए।
- पड़ोसी के सीसीटीवी में नकाबपोश युवक कैद हुआ।
- मौके से दरवाजा तोड़ने का सब्बल बरामद, डॉग स्क्वायड कुछ दूरी जाकर भटक गया।
- कुल नुकसान : ₹14 लाख।
- सीएसपी निमितेश सिंह परिहार – “फुटेज और फिंगरप्रिंट से आरोपी की तलाश जारी है।”
केस-3 : जयरामनगर से मोपका तक — चोरों की ‘सीरियल वारदातें’
चोरी का मूल्य विवरण 25 मई जयरामनगर ₹10 लाख मास्क लगाकर ज्वेलरी शॉप में सेंध 20-21 मई मोपका ₹6 लाख+ चार मकानों में कैश-जेवर चोरी हाल ही में कोटा ₹11 लाख व्यापारी के घर से जेवर-कैश चोरी
केस-4 : सिरगिट्टी — 3.5 लाख का सामान उड़ा
एफएम गोल्ड कॉलोनी
आजम खान, डेंटिंग-पेंटिंग व्यवसायी
घर बंद था, चोरों ने ताला तोड़ा। ₹70 हजार नकद और सोने-चांदी के जेवर गायब।
-5 : चितले कॉलोनी — छह माह से बंद मकान से जेवर चोरी
तिलक नगर, अरपा पुल के पास
कोलकाता निवासी अभिजीत चक्रवर्ती के सूने मकान का ताला टूटा।
चोर चांदी की मूर्तियाँ और ₹40 हजार के जेवर ले गए।
8 माह में 20 बड़ी चोरी की वारदातें
थाना क्षेत्र घटनाएँ सिविल लाइन 7 सरकंडा 5 सिरगिट्टी 5 तोरवा 2 सिटी कोतवाली 1 कुल20 बड़ी वारदातें
पुलिस की गश्त


पुलिस रोज़ाना रात में गश्त, पेट्रोलिंग और चौकसी का दावा करती है,
पर चोर हर हफ्ते वारदात कर रहे हैं।
सिविल लाइन, सरकंडा, सिरगिट्टी जैसे इलाकों में न कोई रोक, न सुराग।
🔸 कई कॉलोनियों में न पुलिस की उपस्थिति, न गोरखा सुरक्षा।
🔸 CCTV निगरानी भी सीमित दायरे में, कई कैमरे चालू नहीं।
🔸 नागरिक अब ‘पुलिस पर भरोसे’ से ज्यादा ‘ताले पर भरोसा’ कर रहे हैं।
बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई — बयान और बहाने
- सिविल लाइन टीआई सुम्मत राम साहू – “चोरी के हर एंगल पर जांच हो रही है।”
- सीएसपी निमितेश सिंह परिहार – “सीसीटीवी फुटेज से पहचान की कोशिश जारी।”
- वरिष्ठ अधिकारियों का निर्देश – “रात्रि गश्त और संदिग्धों की जांच बढ़ाई जाए।”
👉 लेकिन अब शहर पूछ रहा है —
“जांच कब पूरी होगी, और चोर कब पकड़े जाएंगे?”
चोरी रोकने की जिम्मेदारी किसकी?
पुलिस व्यवस्था, स्थानीय चौकीदारी और नागरिक सतर्कता — तीनों के बीच अब संवाद टूट चुका है।
पहले गली-मोहल्लों में गोरखे और सिटी इंस्पेक्टर की उपस्थिति डर पैदा करती थी।
आज वही सुरक्षा तंत्र “पेपर पेट्रोलिंग” बन गया है।
अगर पुलिस चाहती है कि अपराध कम हों,
तो उसे टेक्नोलॉजी के साथ मानवीय सतर्कता वापस लानी होगी।
शहर की सुरक्षा केवल कैमरे से नहीं, जमीनी चौकसी से होगी।
बिलासपुर में पुलिस के हाथ खाली, चोरों के हौसले बुलंद
हर नई चोरी पुरानी जांच को ठंडे बस्ते में डाल देती है।
गश्त के नाम पर खानापूर्ति और अपराध नियंत्रण के नाम पर कागज़ी दावा।
अगर यही हाल रहा, तो शायद आने वाले दिनों में
बिलासपुर “स्मार्ट सिटी” से ज्यादा “स्नैच सिटी” कहलाएगा।



