विद्वानों ने छात्राओं को उर्दू साहित्य की परंपरा और समकालीन प्रवृत्तियों से कराया परिचित
बिलासपुर। बिलासा कन्या महाविद्यालय के उर्दू विभाग में बुधवार, 9 अक्टूबर को बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक और अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। बैठक में विभागीय पाठ्यक्रम, शिक्षण पद्धति और शैक्षणिक दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर आयोजित विशेष अतिथि व्याख्यान में प्रसिद्ध शायर डॉ. एजाज़ परवेज़ शमीम और शायर अज़ीज़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों विद्वानों ने छात्राओं को उर्दू शायरी की परंपरा, सौंदर्यशास्त्र और समकालीन प्रवृत्तियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने अपनी स्वरचित रचनाओं की प्रस्तुति देकर छात्राओं और अध्यापकों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उर्दू विभाग की अध्यक्ष डॉ. एच.आर. आगर के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने उर्दू साहित्य के अध्ययन की बढ़ती संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विभाग लगातार शैक्षणिक और साहित्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहन दे रहा है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. शाजिया अली ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और छात्राओं को साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
यह आयोजन उर्दू विभाग की साहित्यिक चेतना को सुदृढ़ करने और छात्राओं में रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।



