मो इसराइल बबलू
भूपेश बघेल के करीबी अभयनारायण और सीमा को मिली राहत
रायपुर/बिलासपुर, 9 अक्टूबर 2025।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) द्वारा कांग्रेस नेता अभयनारायण राय और सीमा पांडे के खिलाफ की गई अनुशासनात्मक/निष्कासन कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के आदेश पर यह निर्णय लिया गया।
राजीव भवन रायपुर से जारी पत्र क्रमांक 1069 में प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) मलकीत सिंह गैदू ने आदेश जारी करते हुए कहा —
“जिला कांग्रेस द्वारा की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई तत्काल प्रभाव से निरस्त की जाती है। यह आदेश तुरंत प्रभावशील होगा।”
चुनाव प्रचार के दौरान भीतरघात के लगे थे आरोप
सूत्रों के अनुसार, नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान दोनों नेताओं पर भीतरघात करने के आरोप लगे थे। इस संबंध में पार्षद पद के प्रत्याशियों ने जिला कांग्रेस कमेटी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों के आधार पर जिला कांग्रेस ने दोनों नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए निष्कासन का आदेश जारी किया था।
इस कार्रवाई के बाद बिलासपुर कांग्रेस में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई थी, और संगठन के भीतर असंतोष भी देखा गया था।
भूपेश बघेल के विश्वस्त रहे हैं अभयनारायण राय
कांग्रेस नेता अभयनारायण राय को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी सहयोगी माना जाता है। वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रवक्ता पद पर कार्य कर चुके हैं। भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में उन्होंने अरपा परियोजना के संवर्धन और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। संगठन के भीतर उन्हें एक समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में पहचान प्राप्त है।
संगठन में संतुलन और एकजुटता का संदेश
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रदेश कांग्रेस का यह निर्णय संगठनात्मक संतुलन और एकजुटता बनाए रखने की दिशा में अहम कदम है।
बिलासपुर में लंबे समय से चले आ रहे गुटीय मतभेदों के बीच यह फैसला संगठन में स्थिरता और संवाद की पहल के रूप में देखा जा रहा है।
प्रदेश नेतृत्व अब आगामी नगर निकाय और विधानसभा उपचुनावों को देखते हुए संगठन को एक स्वर और एक रणनीति में बांधने की कोशिश में जुटा है।



