तीन दशक से सक्रिय, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर निभा चुके हैं कई महत्वपूर्ण दायित्व
बिलासपुर, 8 अक्टूबर 2025।
बिलासपुर जिला कांग्रेस (ग्रामीण) अध्यक्ष पद के लिए अब दावेदारी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा दिखाई दे रही है। इस पद के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक श्री त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने अपनी मजबूत दावेदारी प्रस्तुत की है। उनके समर्थन में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों और ब्लॉकों से सैकड़ों कार्यकर्ता, वरिष्ठ पदाधिकारी और सहयोगी उनके निवास पर पहुंचे और पर्यवेक्षक के समक्ष उन्हें आधिकारिक रूप से प्रत्याशी के रूप में आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

लगातार 30 वर्षों से अधिक समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय रहे श्री श्रीवास ने पार्टी के जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। वर्तमान में वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पी. वी. विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक और उत्तर प्रदेश तथा गुजरात के प्रभारी हैं। साथ ही, वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के सचिव और सर्वसेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।

बेलतरा विधानसभा क्षेत्र से वे पांच बार तक कांग्रेस के मजबूत प्रत्याशी रह चुके हैं, वहीं हालिया महापौर चुनाव में भी उनके नाम पर पार्टी के भीतर गंभीर चर्चा हुई थी। श्री श्रीवास पूर्व में जिला किसान कांग्रेस, जिला नगरी निकाय कांग्रेस, राजीव गांधी पंचायत संगठन, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ (INTUC) और युवा कांग्रेस में भी अहम पदों पर रह चुके हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि श्री त्रिलोक श्रीवास की दावेदारी से संगठन में नई जान आएगी और ग्रामीण क्षेत्र के सक्रिय कार्यकर्ताओं को उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा। जिले के लगभग सभी ब्लॉकों में उनके समर्थक मौजूद हैं, जिससे उनकी दावेदारी को जमीनी समर्थन भी मजबूत माना जा रहा है।
जिले में चर्चाएं तेज हैं कि यदि श्री श्रीवास को जिला कांग्रेस (ग्रामीण) अध्यक्ष का दायित्व सौंपा जाता है, तो संगठनात्मक एकजुटता के साथ कांग्रेस की जड़ें गांव-गांव तक और मजबूत होंगी।



