Mohammed israil
बिलासपुर।छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ ने बिजली कंपनी प्रबंधन पर वादाखिलाफी का गंभीर आरोप लगाते हुए आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। संघ का कहना है कि पुरानी पेंशन बहाली और संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण जैसी महत्वपूर्ण मांगों पर वर्षों से केवल झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं। इसी आक्रोश के चलते 01 से 08 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश के बिजली कर्मचारी काली पट्टी लगाकर काम करेंगे।
विशेष बैठक में तय हुई कार्ययोजना

दिनांक 28 सितंबर को कल्याण भवन तिफरा, बिलासपुर में प्रांतीय अध्यक्ष संजय तिवारी की अध्यक्षता में संघ की प्रदेश कार्यसमिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें आगामी 09 अक्टूबर को होने वाले आंदोलन की कार्ययोजना तय की गई और पहले व दूसरे चरण में ज्ञापन सौंपने एवं प्रचार-प्रसार अभियान की समीक्षा की गई।
कर्मचारियों में गहरा आक्रोश
बैठक में क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने बताया कि बिजली कंपनी प्रबंधन ने वर्षों से कर्मचारियों को गुमराह कर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। इसके विरोध में पूरे प्रदेश के बिजली कर्मचारियों में जबरदस्त आक्रोश है और आंदोलन को व्यापक समर्थन मिल रहा है।
पदाधिकारियों का मार्गदर्शन
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों का मार्गदर्शन अखिल भारतीय मंत्री एवं उद्योग प्रभारी भारतीय मजदूर संघ राधेश्याम जायसवाल ने किया। कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय महामंत्री नवरतन बरेठ ने किया और आभार प्रदर्शन तेज प्रताप सिन्हा ने किया।



