Latest news

स्व. महेन्द्र कपूर की पुण्यतिथि पर गीतों भरी शाम, डॉ. रजनीश पाण्डेय का नागरिक अभिनंदन

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

Mohammed israil


बिलासपुर। प्रियदर्शनी समाज सेवा समिति एवं आकांक्षा म्यूजिकल ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में भारत के मशहूर पार्श्व गायक स्व. महेन्द्र कपूर की पुण्यतिथि पर रविवार की शाम “महेन्द्र कपूर नाइट” का आयोजन स्थानीय उद्योग भवन, लिंक रोड में किया गया। गीतों से सजे इस आयोजन में स्थानीय कलाकारों सहित कोटा, पेंड्रा, बलौदाबाजार व शिवरीनारायण के कलाकारों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की विशेषता रही कि इस मौके पर कोरोना काल में निःस्वार्थ सेवा देने वाले शहर के सुप्रसिद्ध चिकित्सक एवं प्रथम हॉस्पिटल के संचालक डॉ. रजनीश पाण्डेय का नागरिक अभिनंदन कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य रविन्द्र सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता प्रोफेसर डॉ. तरू तिवारी (समाजसेवी) ने की। अन्य विशिष्ट अतिथियों में प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष विरेन्द्र गहवई, शिवा मुदलियार, माग्रेट बेजामिन, रंजीत सिंह खनुजा एवं केशव गोरख शामिल रहे। अतिथियों द्वारा सर्वप्रथम स्व. महेन्द्र कपूर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन किया गया। इसके बाद सभी ने अपने विचार रखते हुए स्व. कपूर के संगीत योगदान को याद किया। समिति द्वारा स्व. महेन्द्र कपूर की पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम लगातार सातवें वर्ष आयोजित किया गया।

विशेष सम्मान:
इस वर्ष के आयोजन की खास बात रही कि समिति ने बिलासपुर शहर के जाने-माने चिकित्सक एवं प्रथम हॉस्पिटल के संचालक डॉ. रजनीश पाण्डेय का नागरिक अभिनंदन किया। कोरोना काल (सन् 2020-21-22) में जब पूरे देश सहित बिलासपुर शहर महामारी की चपेट में था, उस दौरान डॉ. पाण्डेय और उनके हॉस्पिटल के समर्पित कर्मचारियों ने हजारों मरीजों का निःस्वार्थ उपचार एवं सेवा की। कठिन समय में अनगिनत मरीजों की जान बचाकर उन्होंने मानवता की मिसाल पेश की। समिति ने उनके इस नेक कार्य के लिए मंच पर सम्मानित कर आभार प्रकट किया।

कलाकारों की प्रस्तुति:
संगीत संध्या में सुरों की बरसात करते हुए जिन कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं, उनमें दीपक मिश्रा, राजेन्द्र सेनी, विजय दुबे, शमीम खान, ललित शर्मा, शरद पाण्डेय, अतुलकांत खरे, कुमारी आराध्या मिश्रा, रिया अदकने, सीमा मुखर्जी, नवीन चंद्र और श्रीमती संध्या शर्मा शामिल रहे। सभी कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक देर तक तालियां बजाते रहे और स्व. महेन्द्र कपूर को याद करते हुए भावविभोर हो उठे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।