Mohammed israil
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में रविवार–सोमवार की दरमियानी रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने बुलेट सवार 22 वर्षीय युवक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी अस्पताल में मौत हो गई। हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया।


जानकारी के मुताबिक, राधा विहार मोपका निवासी सौम्य शर्मा (22) सोमवार रात करीब 12:30 बजे अपनी काले रंग की बुलेट से घर लौट रहा था। तभी अशोक नगर चौक स्थित आर.के. पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही ब्रेजा कार (क्रमांक CG10BH0662) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद उज्ज्वल वैष्णव और विकास यादव सहित अन्य लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायल सौम्य को अपोलो अस्पताल पहुँचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई:
घटना की रिपोर्ट मृतक के जीजा शिवराज शिवा पांडेय ने दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ धारा 106(1)-BNS के तहत अपराध कायम कर वाहन जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और चालक की लापरवाही स्पष्ट है।
माहौल गमगीन:
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर पर कोहराम मच गया। परिवारजन व परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। युवक की असमय मौत ने मोहल्ले और रिश्तेदारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।



