

रायपुर,गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जोगिडीपा गांव में मामूली विवाद ने खूनखराबे का रूप ले लिया। मजदूरी करने वाले बेटे ने सिर्फ इसलिए अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि मां ने रात में मछली की सब्जी बनाने से इंकार कर दिया था। गुस्साए बेटे ने सुबह उठकर कुल्हाड़ी से 3-4 बार वार कर मां का सिर कुचल दिया।
हत्या के बाद आरोपी बेटा करीब दो घंटे तक खून से लथपथ लाश के पास बैठा रहा। कमरे में चारों ओर खून ही खून फैला था और कुल्हाड़ी पर भी खून लगा था। पड़ोसियों को जब घटना की भनक लगी तो उन्होंने तुरंत सरपंच और कोटवार को बताया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
👉 मृतका का नाम चंदा बाई नंदे (55) है, जबकि आरोपी बेटा कमलेश नंदे (30) मजदूरी करता है।
👉 आरोपी की पत्नी पिछले दो साल से मायके में रह रही है, दोनों बच्चे भी मां के साथ वहीं रहते हैं।
👉 पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
🔴 एसडीओपी निशा सिन्हा ने बताया कि आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है और हत्या के मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।



