


बिलासपुर। जिले में शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग की सख़्ती लगातार जारी है। रविवार को अवकाश होने के बावजूद विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए 05 आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा। कार्रवाई के दौरान लगभग 58 लीटर अवैध महुआ शराब जप्त की गई। यह कार्रवाई कलेक्टर बिलासपुर के निर्देश तथा प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी जिला बिलासपुर के मार्गदर्शन में विभिन्न आबकारी वृत्त प्रभारियों द्वारा की गई।
कोटा एवं तखतपुर वृत्त प्रभारियों ने सोनबंधा से सेवक अनंत और गौतम बंजारे से 10-10 लीटर महुआ शराब जब्त की। वहीं सीपत वृत्त प्रभारी ने अमित उईके (बसहा) से 12 लीटर तथा पुरुषोत्तम राज (उच्चभिट्टी) से 16 लीटर शराब बरामद की। इसी तरह मस्तूरी वृत्त प्रभारी ने सुकुलकारी से तिलक महिलांगे से 9.5 लीटर शराब जप्त की। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गैर-जमानती प्रकरण दर्ज कर जेल दाखिल किया गया।
🔹 लगातार कार्रवाई से अब तक 12 आरोपी सलाखों के पीछे
विदित हो कि इसी माह विभाग ने सूरज कुमार लोनिया (गुटकू-तखतपुर) से 9 लीटर, शेख यासीम (दीपूपारा-तारबाहार) से 8.28 लीटर, महेंद्र कुमार रात्रे (लोकबंद-कोटा) से 10 लीटर, राहुल केवट (सेलर-सीपत) से 9.5 लीटर, सुरेश मरावी (पोंडी-सिरगिट्टी) से 30 लीटर एवं 105 कि.ग्रा. लहान, भीरगू (कोसमडीह-मस्तूरी) से 7.5 लीटर तथा पुष्पा वर्मा (गनियारी-तखतपुर) से 29 लीटर महुआ शराब जप्त कर 07 अन्य आरोपियों को जेल भेजा था। इस तरह अगस्त माह में अब तक 12 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
🔹 टीम का योगदान
आज की कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र शुक्ला, ऐश्वर्या मिंज, भूपेंद्र जामडे, बोधसाय राठिया, दिनेश ध्रुव, वेद प्रकाश नेताम और पोखराज शांडिल्य सहित स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



