Latest news

कुएं में गिरी मुर्गी… निकालने उतरे दो भाइयों की दम घुटने से चली गई जान

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर, Bilaspur। बेलगहना के करही कछार निवासी दिलीप पटेल शुक्रवार को शाम करीब चार बजे घर की बाड़ी में स्थित कुएं के पास काम कर रहा था। इसी दौरान उसकी एक मुर्गी कुएं में गिर गई। उसने अपने भाई दिनेश पटेल को आवाज दी और खुद मुर्गी को निकालने कुएं में उतर गया। दिनेश कुएं के ऊपर खड़ा था। जब दिलीप मुर्गी लेकर ऊपर आ रहा था, तभी वह अचानक बेहोश होकर पानी में गिर गया।

भाई को डूबते देख दिनेश भी उसे बचाने कुएं में कूद गया, लेकिन थोड़ी देर बाद वह भी बेहोश हो गया। आसपास के लोगों और परिजन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जहरीली गैस के रिसाव की आशंका के चलते एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने जांच के बाद सुरक्षा उपकरणों के साथ कुएं में उतरकर दोनों के शव रात 9.30 बजे बाहर निकाले।

घटना के बाद ग्रामीणों और पुलिस ने पहले एक दीया जलाकर रस्सी से कुएं में नीचे उतारा। दीया बुझ गया, जिससे कुएं में जहरीली गैस होने की पुष्टि हो गई। इसके बाद ही एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षा उपकरणों के साथ सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया। कुएं में जहरीली गैस बनने के कई कारण हो सकते हैं। इनमें मुख्य रूप से पानी में गिरी सड़ी-गली पत्तियां, खरपतवार और अन्य जैविक पदार्थों का विघटन होता है। इससे मीथेन और कार्बन डाइऑक्साइड जैसी गैसें बनती हैं, जो जानलेवा हो सकती हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।