Latest news

ऑनलाइन लूडो किंग सट्टा रैकेट का भंडाफोड़: सरकंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में मध्यप्रदेश के 4 आरोपी गिरफ्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

Bilaspur Chhattisgarh बिलासपुर। बिलासपुर जिले की सरकंडा पुलिस और एंटी क्राइम एंड सायबर यूनिट (एसीसीयू) की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। ऑनलाइन लूडो किंग गेम के माध्यम से सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने मध्यप्रदेश से आए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर लोगों को जोड़ता था और मोबाइल व लैपटॉप के जरिए सट्टा खिलवाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल, एक लैपटॉप और लाखों रुपए की सट्टा पट्टी जब्त की है।



एसएसपी रजनेश सिंह।

बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में जुआ एवं सट्टा गतिविधियों पर कड़ा शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीसीयू) श्री अनुज कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा श्री सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक निलेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।

2 जुलाई 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि स्वर्णिम ईरा कॉलोनी, सरकंडा में कुछ युवक ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक अजहर उद्दीन एवं उप निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मकान नंबर 152 पर तत्काल दबिश दी।

दबिश के दौरान पुलिस ने राहुल छाबड़ा, सुमित चांदवानी, ओम प्रकाश नागवानी और मोहित बर्मन को मौके पर ही लूडो किंग गेम और व्हाट्सएप ग्रुप ‘श्याम लूडो किंग’ के माध्यम से सट्टा खिलाते हुए पकड़ा। आरोपी गेम में हार-जीत पर पैसों का दांव लगवाते थे और मोबाइल व लैपटॉप से इसका संचालन कर रहे थे।


गिरफ्तार आरोपीगण का विवरण:

  1. राहुल छाबड़ा (25 वर्ष), निवासी – संधी मोहल्ला, शहडोल, म.प्र.
  2. सुमित चांदवानी (19 वर्ष), निवासी – सिंध भवन के पास, शहडोल, म.प्र.
  3. ओम प्रकाश नागवानी (20 वर्ष), निवासी – सुभाष नगर, सागर, म.प्र.
  4. मोहित बर्मन (25 वर्ष), निवासी – मोहनपुरी कॉलोनी, उमरिया, म.प्र.

जब्त सामग्रियां:

  • 5 मोबाइल फ़ोन
  • 1 लैपटॉप
  • लाखों रुपये की सट्टा पट्टी लिखी हुई रजिस्टर
  • डिजिटल साक्ष्य (व्हाट्सएप ग्रुप चैट, गेम रिकॉर्डिंग आदि)

कानूनी कार्यवाही:
चारों आरोपियों के विरुद्ध धारा 6 एवं 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। साथ ही प्रत्येक के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर न्यायालय में पेश किया गया।


साइबर गेमिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर अपराध फैलाने वालों पर पुलिस की सख्त नजर बनी हुई : रश्मीत कौर चावला


बिलासपुर पुलिस की प्रवक्ता रश्मित कौर चावला का कहना है किसरकंडा पुलिस की यह कार्रवाई ऑनलाइन माध्यम से सट्टा खेलने वाले गिरोहों के खिलाफ एक बड़ा संदेश है। साइबर गेमिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर अपराध फैलाने वालों पर पुलिस की सख्त नजर बनी हुई है। बिलासपुर पुलिस की इस मुहिम से जुए और सट्टे के खिलाफ जन-जागरूकता भी बढ़ेगी और समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।