जमुना प्रसाद वर्मा स्नातकोत्तर कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव का आयोजन, केंद्रीय मंत्री साहू हुए शामिल

बिलासपुर Bilaspur। बिलासपुर स्थित शासकीय जमुना प्रसाद वर्मा स्नातकोत्तर कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र के समग्र विकास की कुंजी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर समाज और देश के विकास में योगदान दें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने की। उन्होंने महाविद्यालय के छात्रों को उज्जवल भविष्य के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. एम.एल. निराला ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और महाविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा विभाग के अपर संचालक डॉ. पी.के. पांडेय उपस्थित रहे। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में समाजसेवी श्अतुल बजाज और जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष संजय पांडेय ने भी छात्रों को प्रोत्साहित किया।
इस वार्षिकोत्सव ने न केवल छात्रों के बीच उत्साह का संचार किया, बल्कि शिक्षा के सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व को भी रेखांकित किया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम परंपरा, प्रतिभा और एकता का प्रतीक बना।



