00 भाजपा की मेयर उम्मीदवार एल पद्मजा विधानी के जाति प्रमाण पत्र को लेकर कसा तंज
00 ट्रैक्टर रैली को लेकर शाम तक बनी रही विवाद की स्थिति


बिलासपुर। बिलासपुर में कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली चर्चा का केंद्र बन गई, जहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्रैक्टर पर सवार होकर प्रचार का मोर्चा संभाला। हालांकि, प्रशासन ने रैली के लिए अनुमति नहीं दी थी, लेकिन कांग्रेस ने इसे अनदेखा करते हुए सकरी से सिरगिट्टी, हेमू नगर, तोरवा होते हुए मोपका तक रैली निकाली। वही बाद में रैली को अनुमति दिए जाने की बात सामने आई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक इसकी अधिकृततौर पर पुष्टि नहीं हो सकी थी।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस दौरान भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव में हार के डर से घबराई हुई है और प्रशासन पर भाजपा नेता और अमर अग्रवाल का दबाव है। बघेल ने भाजपा प्रत्याशी पूजा विधानी के जाति प्रमाण पत्र पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कोर्ट जाने की जरूरत आखिर क्यों पड़ी।
कांग्रेस ने इसे किसानों और गरीबों के हक की लड़ाई बताया, जबकि भाजपा ने इसे नियमों का उल्लंघन करार दिया। इस रैली के जरिए कांग्रेस ने अपनी चुनावी रणनीति को धार देने की कोशिश की है, लेकिन प्रशासनिक अनुमति न मिलने और भाजपा के तीखे आरोपों ने इसे विवादों के घेरे में ला दिया है।



